BLS Polymers-SFC IPO: शेयर बाजार में आज दो मेनबोर्ड आईपीओ की लिस्टिंग हुई, इनमें BLS Polymers और SFC Environmental Technologies शामिल हैं। लिस्टिंग के पहले ही दिन दोनों कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों को सकारात्मक शुरुआत दी। हालांकि, रिटर्न के मामले में BLS Polymers ने बाजी मार ली। कंपनी के शेयर NSE पर इश्यू प्राइस से 65.33 फीसदी प्रीमियम के साथ सूचीबद्ध हुए।
वहीं SFC Environmental Technologies की लिस्टिंग करीब 7.61 फीसदी की बढ़त के साथ हुई। BLS Polymers के शेयरों ने बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी का आईपीओ प्राइस 150 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था। इसके मुकाबले BSE पर शेयर 244.10 रुपए पर लिस्ट हुए। इस तरह निवेशकों को प्रति शेयर 94.10 रुपए यानी 62.73 फीसदी का लिस्टिंग गेन मिला।
7.61% प्रीमियम पर डेब्यू
दूसरी ओर SFC Environmental Technologies के शेयरों ने भी बढ़त के साथ शेयर बाजार में कदम रखा। कंपनी ने अपने आईपीओ का प्राइस 330 रुपए प्रति शेयर रखा था। BSE पर इसकी लिस्टिंग 354.05 रुपए पर हुई, जो इश्यू प्राइस से 24.05 रुपए या 7.29 फीसदी अधिक है। NSE पर कंपनी का शेयर 355.10 रुपए पर सूचीबद्ध हुआ। इस तरह यहां निवेशकों को 7.61 फीसदी का लिस्टिंग प्रीमियम मिला। हालांकि, BLS Polymers की तुलना में इसका लिस्टिंग गेन काफी कम रहा।
BLS Polymers IPO को मिला था 241 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन
BLS Polymers की शानदार लिस्टिंग के पीछे आईपीओ को मिला जबरदस्त निवेशक समर्थन भी एक बड़ी वजह रहा। NSE के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का इश्यू कुल 241.22 गुना सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ में 1.19 करोड़ शेयरों के मुकाबले निवेशकों ने करीब 287.05 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाई थीं। इसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) की भागीदारी सबसे ज्यादा रही।SFC Environmental Technologies IPO को कितना मिला सब्सक्रिप्शन?
SFC Environmental Technologies के आईपीओ को भी निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। NSE के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी का इश्यू कुल 9.47 गुना सब्सक्राइब हुआ। आईपीओ के तहत 1,41,59,744 शेयरों की पेशकश की गई थी, जबकि निवेशकों की ओर से 13,41,33,255 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। हालांकि, इसका सब्सक्रिप्शन BLS Polymers के मुकाबले काफी कम रहा। लिस्टिंग के दिन भी दोनों कंपनियों के शेयरों के प्रदर्शन में यही अंतर देखने को मिला।







