Shop Fire: शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पेट्रोल पंप और पिथौरा चौक के बीच स्थित मुकेश साहू की टायर रिपेयरिंग वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान के सामने पड़े छोटे-बड़े टायरों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटें दुकान के भीतर तक पहुंच गईं। टायर, कंप्रेसर मशीन सहित अन्य सामान जलकर बर्बाद हो गया। वहीं तेज लपटों और तपिश से बगल की धनुष लाइट एंड सर्विस की दोनों दुकानों में रखे माइक, साउंड सिस्टम, मिक्सर सहित इलेक्ट्रॉनिक्स सामान भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ और यातायात को नियंत्रित किया, जबकि नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने शटर तोड़कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

नाली के कचरे से उठी चिंगारी, टायरों ने पकड़ी आग
बताया गया कि विश्वकर्मा जयंती के कारण मुकेश साहू की दुकान सुबह से बंद थी। दुकान के सामने छोटे-बड़े टायर हमेशा की तरह रखे हुए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दुकान के सामने नाली के कचरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग वहां रखे अनुपयोगी टायरों तक पहुंच गई। टायरों के धधकने से उठी लपटों ने दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
लोगों ने बुझाने की कोशिश की, लेकिन बढ़ती गई आग
आग देखकर बगल में साउंड सिस्टम की दुकान संचालित करने वाले धनेश सोनवानी सहित आसपास के लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन टायरों में लगी आग तेजी से फैलती गई। इसके बाद पुलिस और नगर पालिका के अग्निशमन वाहन को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग दुकान के अंदर तक प्रवेश कर चुकी थी।
पुलिस ने संभाला ट्रैफिक, शटर तोड़कर बुझाई आग
पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही आसपास जमा लोगों को हटाया और यातायात व्यवस्था संभाली। वहीं अग्निशमन दल ने तत्काल मोर्चा संभाला। दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और पानी की बौछार से अंदर लगी आग पर काबू पाया गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।
बगल की दुकानों में भी इलेक्ट्रॉनिक्स सामान क्षतिग्रस्त
आग की तेज लपटों और तपिश से बगल की दोनों दुकानों में रखे इलेक्ट्रॉनिक्स सामान को भी नुकसान पहुंचा है। माइक, साउंड सिस्टम, मिक्सर सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। दोनों दुकानदारों ने सामान का आकलन करने के बाद वास्तविक नुकसान का आंकड़ा सामने रखने की बात कही है।
वर्षों की मेहनत में लगी आग
मुकेश साहू ने बताया कि किराए का मकान लेकर उन्होंने वर्षों की मेहनत से दुकान स्थापित की थी। आगजनी में दुकान और सामान बर्बाद होने से उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
