कब्रिस्तान से लौटते ही बवाल : अतीक के बेटे उमर के काफिले की 30 गाड़ियों ने तोड़ा टोल, कर्मचारियों को रौंदने का प्रयास
अतीक अहमद के बेटे अबान के अंतिम संस्कार के बाद लौटते समय नवाबगंज टोल प्लाजा पर कथित हंगामे का मामला सामने आया है। पुलिस ने 30 से ज्यादा गाड़ियों के चालकों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों ने टोल बैरियर तोड़ा, कर्मचारियों से अभद्रता की और बिना शुल्क दिए निकल गए।
क
कीर्तिमान न्यूज
10 Aug 2026, 10:18 AM
प्रयागराज
माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की हाल ही में झांसी के पास एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें जेल में बंद उसके भाई भी पैरोल/कस्टडी में शामिल होने पहुंचे थे। लेकिन इस अंतिम संस्कार के बाद लौटते वक्त एक नया विवाद खड़ा हो गया है। अंतिम संस्कार के बाद जब पुलिस की टीम अतीक के बेटे मोहम्मद उमर को वापस लखनऊ जेल ले जा रही थी, तो पुलिस के काफिले के पीछे अचानक करीब 30 गाड़ियों का हुजूम देखने को मिला।
टोल प्लाजा पर उपद्रव, कर्मियों से मारपीट
आरोप है कि उमर के समर्थकों और गुर्गों की इन गाड़ियों ने नवाबगंज टोल प्लाजा पर भारी उपद्रव किया। न तो किसी गाड़ी ने टोल टैक्स चुकाया और विरोध करने पर टोल कर्मियों से मारपीट व अभद्रता भी की। इस पूरी घटना को लेकर अब 30 से ज्यादा गाड़ियों के चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नवाबगंज टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जयप्रकाश यादव ने नवाबगंज थाने में तहरीर देकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
गाड़ियों का काफिलाबैरियर तोड़कर गाड़ियां निकालने की कोशिश
शिकायत के मुताबिक, घटना 8 अगस्त 2026 की देर रात करीब 3:50 बजे की है। यूपी पुलिस की टीम उमर को लेकर लखनऊ जेल जा रही थी। जैसे ही पुलिस की गाड़ियां टोल से गुजरीं, ठीक पीछे गाड़ियों की एक लंबी कतार आ पहुंची। जब ड्यूटी पर तैनात टोल कर्मचारियों ने गाड़ियों को रोककर टोल टैक्स मांगा, तो चालक गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद बिना टोल दिए दबंगई से बैरियर तोड़कर गाड़ियां निकालने की कोशिश की गई।
टोल कर्मियों को कुचलने का प्रयास
जयप्रकाश यादव के अनुसार, जब टोल स्टाफ ने जबरन गाड़ियां ले जाने से रोका, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी दे डाली। बात यहीं खत्म नहीं हुई—दबंगई दिखाते हुए गाड़ियों से टोल कर्मियों को कुचलने का प्रयास भी किया गया। आरोपी तेज रफ्तार में टोल गेट को तोड़ते हुए लखनऊ मार्ग की तरफ भाग निकले। इस उपद्रव के कारण सरकारी संपत्ति (टोल बैरियर) को भारी नुकसान पहुंचा है और राजस्व का भी नुकसान हुआ है।
पुलिस को सौंपी गई गाड़ियों की सूची
UP32 NJ 1458
UP70 HP 8416
UP32 QC 0072
UP32 EZ 2056
UP70 HB 1786
UP70 DL 6CT 9370
UP60 AV 5378
UP70 HX 3080
UP70 GV 2525
UP32 GE 8243
UP32 KR 3795
UP70 GQ 4834
गिरफ्तारी के लिए ठिकानों पर दबिश
नवाबगंज थाना पुलिस ने जयप्रकाश यादव की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इन गाड़ियों के नंबरों से इनके मालिकों की पहचान करने और उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में जुट गई है।