Staff Nurse Suicide: भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में हमर क्लीनिक में पदस्थ एक स्टाफ नर्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना घासीदास नगर की है, जहां नर्स किराए के कमरे में रह रही थी। मृतका की पहचान अहिवारा निवासी नेहा महिलांग के रूप में हुई है। नेहा करीब पांच साल से हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नेहा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटाने के साथ मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
कमरे में नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या की वजह को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले नेहा की किसी से बातचीत हुई थी या वह किसी परेशानी से गुजर रही थी। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन और हाल की बातचीत से भी जानकारी जुटाई जा सकती है। इसके अलावा आसपास रहने वाले लोगों और हमर क्लीनिक में उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जाएगा।इससे जुड़ी खबरें...आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नि की मौत, घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर
करीब पांच साल से हमर क्लीनिक में थी पदस्थ
नेहा महिलांग पिछले करीब पांच वर्षों से स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी हुई थी और हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स के तौर पर काम कर रही थी। घटना की खबर मिलने के बाद परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।