फुल्लांवाल इलाके में सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की पहचान मानवी के रूप में हुई है, जो फुल्लांवाल स्थित सरकारी हाई स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों के मुताबिक, वह 10 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे रोजाना की तरह पैदल स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन छुट्टी के बाद वापस घर नहीं लौटी। कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों के अनुसार, मानवी आमतौर पर दोपहर करीब 2:30 बजे तक घर लौट आती थी। घटना वाले दिन जब निर्धारित समय तक वह घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।
स्कूल से घर नहीं लौटी छात्रा
परिजन स्कूल पहुंचे और वहां छात्रा के बारे में जानकारी ली। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि छुट्टी के बाद विद्यार्थी करीब 2 बजे अपने-अपने घरों के लिए निकल चुके थे। इसके बाद परिजनों ने स्कूल के आसपास और छात्रा के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान एक फुटेज में एक अज्ञात युवक छात्रा को एक्टिवा पर अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। फुटेज सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
CCTV में युवक के साथ दिखी छात्रा
छात्रा का नहीं मिला सुराग
छात्रा की मां के मुताबिक, घटना वाले दिन ही शाम करीब 5:30 बजे वह शिकायत लेकर थाना सदर पहुंची थीं। पुलिस को छात्रा के लापता होने की जानकारी देने के साथ CCTV फुटेज और अन्य जरूरी जानकारी भी दी गई थी। परिवार का आरोप है कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद छात्रा का कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने, छात्रा की तलाश तेज करने और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। परिवार लगातार बच्ची की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है।