दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। जवाहर नगर निवासी 20 वर्षीय यश कुमार डडसेना ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वह 12वीं की केमिस्ट्री विषय की सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर घर लौटा था। कुछ समय बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। जानकारी के अनुसार, यश 12वीं कक्षा का छात्र था और शुक्रवार को उसकी केमिस्ट्री की सप्लीमेंट्री परीक्षा थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह सीधे घर पहुंचा। उस समय घर में उसकी दादी मौजूद थीं, जबकि पिता अपने छोटे बेटे को प्रतियोगी परीक्षा दिलाने के लिए बाहर गए हुए थे। उसकी मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं।
फोन नहीं उठाया, फिर हुई तलाश
दोपहर करीब 12 बजे पिता ने यश के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्होंने घर के लैंडलाइन पर बात की। दादी ने बताया कि यश कुछ देर पहले यह कहकर गया था कि वह टॉयलेट जा रहा है। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो दादी ने पहले टॉयलेट में देखा, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पास के स्टोर रूम का दरवाजा खोला, जहां यश फांसी के फंदे से लटका मिला। यश को इस हालत में देखकर दादी घबरा गईं और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी।परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की मौजूदगी में शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। जरूरत पड़ने पर छात्र के मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।