रायपुर समय पर खाद, उन्नत बीज और कृषि ऋण उपलब्ध हो जाए तो खेती की राह आसान हो जाती है। सुकमा जिले के किसान हड़मा राम मरकाम इसकी मिसाल हैं। जिला प्रशासन की सक्रिय पहल के कारण उन्हें समय पर सभी आवश्यक कृषि संसाधन मिले, जिससे वे बिना किसी आर्थिक या तकनीकी बाधा के खरीफ फसल की तैयारी समय पर शुरू कर सके।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप किसानों तक पहुंची सुविधाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुकमा जिला प्रशासन ने खरीफ सीजन शुरू होने से पहले किसानों तक खाद, उन्नत बीज और अन्य कृषि आदानों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में दूरस्थ गांवों तक भी आवश्यक कृषि सामग्री पहुंचाई गई, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
32 एकड़ खेती के लिए मिला 3.50 लाख रुपये का कृषि ऋण
सुकमा जिले के रानीबहाल गांव निवासी प्रगतिशील किसान हड़मा राम मरकाम लगभग 32 एकड़ भूमि पर खेती करते हैं। उन्हें छिंदगढ़ सहकारी समिति के माध्यम से 3 लाख 50 हजार रुपये का सब्सिडीयुक्त कृषि ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने समय पर खाद और उन्नत बीज खरीदे तथा खेती से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर लीं।
समय पर सहायता से बढ़ा आत्मविश्वास
हड़मा राम मरकाम का कहना है कि समय पर कृषि ऋण और आवश्यक सामग्री मिलने से उनकी आर्थिक चिंता काफी कम हो गई। इससे वे बिना किसी देरी के खरीफ फसल की बोआई की तैयारी कर सके। उन्होंने इस सहयोग के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्त निगरानी
जिला प्रशासन किसानों को उचित मूल्य पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं। इस व्यवस्था से किसानों को समय पर और निर्धारित कीमत पर कृषि सामग्री उपलब्ध हो रही है।
किसान हितैषी योजनाओं से मजबूत हुआ भरोसा
यह पहल दर्शाती है कि सरकार की किसान हितैषी योजनाएं और प्रशासन की समयबद्ध कार्यप्रणाली किसानों का विश्वास मजबूत कर रही हैं। समय पर मिली सहायता से किसान बेहतर ढंग से खेती कर पा रहे हैं और उन्हें इस खरीफ सीजन में अच्छी पैदावार के साथ अधिक आय मिलने की उम्मीद है।