भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत उमदा गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जहां 17 वर्षीय किशोर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक का माहौल बना दिया है। मृतक की पहचान लोकेश्वर देवांगन (17 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ उमदा गांव में रहता था। अचानक हुई इस घटना ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों के अनुसार, लोकेश्वर ने रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया था। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया, तो परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
परिजनों की सूचना और पुलिस की कार्रवाई
स्थिति संदिग्ध लगने पर परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलने का प्रयास किया। पुलिस ने खिड़की से झांककर देखा तो किशोर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का बयान और जांच का दायरा
पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें मानसिक स्थिति, व्यक्तिगत कारण और अन्य परिस्थितियाँ शामिल हो। फिलहाल अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।