महासमुंद शहर के नयापारा (वार्ड क्रमांक 6) में मामूली सी बात पर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुई बहस में आरोपियों ने धारदार हथियार निकाल लिए, जिससे तीन लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना शनिवार की है। सुबह करीब 11 बजे मोहल्ले में अश्वनी ध्रुव और तिरथ साहू मौजूद थे। जब अश्वनी ने तिरथ से सिगरेट मांगी, तो तिरथ गाली-गलौज पर उतर आया।
चाकू और टंगिया से किया हमला
विरोध करने पर उसने अपने बड़े भाई सुखदेव साहू को मौके पर बुला लिया और दोनों ने मिलकर अश्वनी के साथ मारपीट की। मामला यहीं नहीं रुका। शाम करीब 4 बजे सुखदेव अपने पिता बिसम्भर साहू के साथ पीड़ित के घर के बाहर पहुंचा और दोबारा गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। शोर सुनकर अश्वनी के दोस्त सज्जू खान और राकेश चौहान बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद मामला और बढ़ गया—सुखदेव ने चाकू और उसके पिता बिसम्भर ने टंगिया निकालकर हमला बोल दिया।
घायलों की स्थिति: पीड़ित अश्वनी के हाथ, कोहनी और कमर पर चोटें आई हैं। वहीं, बीच-बचाव करने आए सज्जू खान के सीने व गर्दन पर और राकेश चौहान के हाथ व कमर पर गंभीर वार किए गए हैं।
अस्पताल में भर्ती: गंभीर रूप से घायल सज्जू और राकेश को इलाज के लिए आदित्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।