छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक कारोबारी की कार पर हमला कर उसे रोक लिया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान कारोबारी की सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लालपुर ब्रिज के नीचे कार पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, यह घटना न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के लालपुर ब्रिज के नीचे की है। बताया जा रहा है कि कारोबारी अपनी कार से जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने रास्ते में उसे घेर लिया। हमलावरों ने पहले कार पर पत्थर मारकर पीछे का शीशा तोड़ दिया।
कार से उतरते ही डंडे और हथियारों से हमला
कार का शीशा टूटने के बाद जैसे ही कारोबारी बाहर निकला, आरोपियों ने उस पर डंडे, सरिया और हथौड़े से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से कारोबारी को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे साथियों से भी मारपीट
बताया जा रहा है कि कारोबारी के साथ मौजूद लोगों ने जब उसे बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कारोबारी के गले से सोने की चेन भी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें मारपीट की वारदात कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।