Travel Psychology: घूमने जाने का प्लान बनाना आसान है पर जब दोस्तों या परिवार के साथ किसी खूबसूरत जगह पर जाने की चर्चा शुरू होती है, डेस्टिनेशन भी तय हो जाती है और तारीख को लेकर बातचीत भी होने लगती है। लेकिन जैसे-जैसे ट्रिप का दिन करीब आता है, कभी ऑफिस का काम तो कभी बजट या दूसरी जिम्मेदारियां बीच में आ जाती हैं। आखिर ऐसा क्यों होता है कि घूमने का प्लान बनने के बावजूद हम कई बार जा नहीं पाते? आइए जानते हैं ट्रिप कैंसिल होने के पीछे के असल कारणों को-
प्लान बन जाता है, लेकिन तारीख तय नहीं हो पाती
किसी ट्रिप को लेकर उत्साह दिखाना और वास्तव में उसके लिए समय निकालना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। अक्सर लोग घूमने की जगह तो तय कर लेते हैं, लेकिन कब जाना है, इस पर फैसला नहीं लें पाते। किसी को ऑफिस से छुट्टी नहीं मिलती, तो किसी को पारिवारिक जिम्मेदारियां याद आ जाती हैं। कई बार दोस्तों के शेड्यूल भी आपस में मेल नहीं खाते। नतीजा यह होता है कि ट्रिप की चर्चा चलती रहती है, लेकिन बुकिंग तक बात नहीं पहुंचती। इससे बचने के लिए शुरुआत में ही एक तारीख तय करना बेहतर है। तारीख पक्की होने के बाद छुट्टी, टिकट और होटल की व्यवस्था करना भी आसान हो जाता है।
ऑफिस का काम बन जाता है सबसे बड़ी रुकावट
कई लोगों के मन में घूमने की इच्छा होती है, लेकिन छुट्टी लेने के नाम पर वे पीछे हटने लगते हैं। उन्हें लगता है कि छुट्टी के दौरान काम बढ़ जाएगा, जरूरी मीटिंग छूट सकती है या वापस लौटने पर जिम्मेदारियां पहले से ज्यादा बढ जाएंगी। यही सोच धीरे-धीरे ट्रिप को टालने की वजह बन जाती है। खासकर उन लोगों के साथ ऐसा ज्यादा हो सकता है, जिनका काम निघारित समय पर खत्म नहीं होता। हालांकि, हर बार काम के कारण निजी योजनाओं को टालना भी सही नहीं है। अगर पहले से जरूरी काम निपटा लिया जाए और टीम के साथ जिम्मेदारियों को लेकर तालमेल बना लिया जाए, तो छुट्टी पर जाना आसान हो सकता है।जरूरत से ज्यादा सोचने में खत्म हो जाता है उत्साह
कई बार ट्रिप कैंसिल होने की वजह कोई बड़ी परेशानी नहीं, बल्कि जरूरत से ज्यादा विचार करना होता है। कौन-सी जगह बेहतर रहेगी, वहां का मौसम कैसा होगा, होटल अच्छा मिलेगा या नहीं, सफर आरामदायक होगा या नहीं—ऐसे कई सवाल मन में आने लगते हैं। शुरुआत में यही सवाल प्लान को बेहतर बनाने में मदद करते हैं, लेकिन जब हर छोटी बात पर बार-बार विचार किया जाने लगे, तो फैसला लेना मुश्किल हो जाता है। धीरे-धीरे घूमने का उत्साह भी कम होने लगता है। इसका आसान तरीका है कि पहले अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से जगह चुनें। जरूरी चीजों की सूची बनाएं और बाकी फैसलों को लेकर बेवजह उलझने से बचें।
दोस्तों और परिवार की सहमति का इंतजार
ग्रुप ट्रिप का मजा ही अलग होता है, लेकिन सभी लोगों को एक योजना पर सहमत करना हमेशा आसान नहीं होता। किसी को पहाड़ पसंद हैं, तो कोई समुद्र किनारे जाना चाहता है। किसी के लिए बजट अहम है, तो कोई आरामदायक होटल में रहना चाहता है। जब हर व्यक्ति अपनी पसंद के मुताबिक फैसला चाहता है, तो चर्चा लंबी खिंच जाती है। कई बार एक सदस्य की आनाकानी के कारण पूरा प्लान रोक दिया जाता है। ऐसी स्थिति में सभी की राय सुनने के बाद एक व्यक्ति को अंतिम फैसला लेने की जिम्मेदारी देना उपयोगी हो सकता है। अगर सभी लोग एक ही तारीख पर खाली नहीं हैं, तो छोटे ग्रुप के साथ ट्रिप पर जाने का विकल्प भी रखा जा सकता है।बजट का सही आकलन न होना
कई बार किसी खूबसूरत डेस्टिनेशन की तस्वीरें देखकर घूमने का मन बन जाता है, लेकिन खर्च का हिसाब बाद में लगाया जाता है। टिकट, होटल, खाना, स्थानीय परिवहन और घूमने-फिरने की गतिविधियों का खर्च जोड़ने पर कुल बजट उम्मीद से ज्यादा निकल सकता है। ऐसे में लोग सोचते हैं कि कुछ समय और पैसे बचाकर बाद में जाएंगे। लेकिन अगर कोई निश्चित समय तय नहीं किया गया, तो यह बाद का प्लान लंबे समय तक अधूरा रह सकता है। ट्रिप की तैयारी करते समय शुरुआत में ही अनुमानित खर्च तय करना बेहतर है। अपने बजट के मुताबिक जगह चुनें, टिकट और होटल की कीमतों की तुलना करें और अचानक होने वाले खर्चों के लिए भी कुछ पैसे अलग रखें।
प्लान बनाने के बाद जरूरी कदम नहीं उठाना
कई बार लोग घूमने की योजना बनाकर खुश हो जाते हैं। दोस्तों के साथ बातचीत, सोशल मीडिया पर जगहों की तस्वीरें देखना और संभावित तारीखों पर चर्चा करना उन्हें ऐसा महसूस कराता है कि ट्रिप की तैयारी शुरू हो चुकी है। लेकिन टिकट बुक करना, छुट्टी की मंजूरी लेना या होटल चुनना जैसे जरूरी काम टलते रहते हैं। जब तक इन कामों के लिए कोई समयसीमा तय नहीं होती, तब तक प्लान को टालना आसान रहता है। इसलिए योजना को आगे बढ़ाने के लिए एक छोटा-सा कदम तुरंत उठाना जरूरी है। जैसे छुट्टी के लिए आवेदन करना या यात्रा के खर्च का हिसाब तैयार करना।ट्रिप कैंसिल होने से बचाने के लिए क्या करें?
घूमने का प्लान बार-बार रद्द हो रहा है, तो कुछ छोटी आदतें इसमें बदलाव ला सकती हैं।
- तारीख पहले तय करें: सिर्फ जगह चुनने के बजाय यात्रा की तारीख भी पक्की करें।
- बजट स्पष्ट रखें: शुरुआत में ही तय करें कि कितना खर्च कर सकते हैं।
- जरूरी बुकिंग समय पर करें: उपलब्धता और कीमतों की जांच करके टिकट व होटल की व्यवस्था करें।
- फैसले सीमित रखें: हर छोटी बात पर लंबी चर्चा करने के बजाय जरूरी चीजों को प्राथमिकता दें।
- विकल्प तैयार रखें: किसी सदस्य के उपलब्ध न होने या योजना में बदलाव आने पर दूसरी व्यवस्था पर विचार करें।







