🔴 BREAKING
राष्ट्रीय
Featured
Ujjain Shahi Masjid: पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज, इलाके में बाजार बंद और पुलिस बल तैनात
Ujjain Shahi Masjid: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद हो गया। प्रशासनिक टीम पर पथराव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल कर स्थिति नियंत्रित की। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और बाजार बंद कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Ujjain Shahi Masjid:आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन शहर में चलाए जा रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान सोमवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब
शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में एहतियातन बाजार बंद करा दिए गए हैं।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान बढ़ा विवाद
उज्जैन में 2028 में आयोजित होने वाले भव्य सिंहस्थ महाकुंभ को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने का काम जारी है। इसी क्रम में कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक की 900 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। इस प्रस्तावित मार्ग में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा आ रहा था। सोमवार को जब प्रशासन की टीम मस्जिद के लगभग 15 फीट हिस्से को हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची, तो वहां भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने खदेड़ा, दोबारा पथराव के बाद लाठीचार्ज
शुरुआत में पुलिस ने समझाइश देकर भीड़ को पीछे खदेड़ दिया था और
मामला शांत होता दिख रहा था। लेकिन कुछ ही देर में उपद्रवियों ने दोबारा पुलिस बल पर पत्थरों से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए कड़ा रुख अपनाया और लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को तितर-बितर किया।
शहर काजी और स्थानीय प्रतिनिधियों ने की शांति की अपील
घटना के बाद उज्जैन के शहर काजी खलिकुर्रहमान ने आम जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा:
"मस्जिद से जुड़ा मसला बीती रात ही बातचीत के जरिए हल कर लिया गया था। जिस कार्य पर सहमति बनी थी, प्रशासन वही काम कर रहा है। किसी को भी सड़कों पर उतरने की जरूरत नहीं है। लोग अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और अपने-अपने घरों में ही रहें।"
वहीं, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने प्रशासन द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रशासन को संयम बरतना चाहिए था। उन्होंने भी लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया और बताया कि मुस्लिम समाज मस्जिद के मीनारे को सुरक्षित रखने के पक्ष में है, जिसके संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा जारी है।
इलाके में धारा-144 जैसा माहौल, वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड ज़ीरो पर
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए छतरी चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास के मुख्य बाजारों को पूरी तरह बंद करा दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में एहतियातन स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है। संभागायुक्त आशीष सिंह और पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर डटे हुए हैं। मस्जिद के पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात है। कड़ी सुरक्षा और भारी गहमागहमी के बीच मस्जिद का निर्धारित हिस्सा हटाने की प्रक्रिया जारी है।