Kharora News: छत्तीसगढ़ के खरोरा क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रायखेड़ा स्थित अडानी फैक्ट्री परिसर के भीतर शराब बेचे जाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद फैक्ट्री परिसर में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट हुई।

विवाद की असल वजह
जानकारी के मुताबिक, मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर के अंदर कुछ मजदूर अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। जब अन्य मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। आक्रोश इतना बढ़ गया कि लोगों ने फैक्ट्री की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी पर भी हमला कर उसमें तोड़फोड़ की गई।
पुलिस टीम पर भी बोला हमला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत हालात संभालने के लिए मौके पर पहुंची। हालांकि, उग्र भीड़ ने पुलिस को भी नहीं बख्शा और उन पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में खरोरा थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए हैं। स्थिति को बेकाबू होते देख वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। फिलहाल भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुट गई है।
