छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान एक ऐसा आवेदन सामने आया, जिसने अधिकारियों के साथ-साथ आम लोगों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने से परेशान एक युवक ने प्रशासन से सड़क की जगह हेलीकॉप्टर या हवाई जहाज उपलब्ध कराने की मांग कर दी। युवक का कहना है कि लगातार शिकायतों और आवेदनों के बावजूद सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, इसलिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उसने यह अनोखा तरीका अपनाया।
मामला बेमेतरा जिले की साजा विधानसभा क्षेत्र के गाड़ाडीह गांव का है। यहां आयोजित सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीण राजकुमार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को एक आवेदन सौंपा। आवेदन में उन्होंने गांव से नवकेशा हाई स्कूल तक जाने वाली जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया और कहा कि यदि प्रशासन सड़क नहीं बना पा रहा है तो बारिश के मौसम तक ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर या हवाई जहाज की सुविधा उपलब्ध करा दी जाए।
खराब सड़क से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से होकर प्रतिदिन दर्जनों स्कूली बच्चे नवकेशा हाई स्कूल जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण उन्हें कई बार फिसलने और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बारिश शुरू होने के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत या निर्माण का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि आने वाले समय में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
