UP Election: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमाने लगा है। राजनीतिक दल अपनी रणनीति पैनी करने में जुटे हैं और नेताओं के बीच जुबानी तीर चलने शुरू हो गए हैं। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आजाद समाज पार्टी के प्रमुख व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। मायावती ने चंद्रशेखर आजाद के राजनीतिक वजूद पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका अपना कोई जनाधार नहीं है। मायावती का दावा है कि चंद्रशेखर नगीना सीट से अपने दम पर नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अंदरूनी मदद से चुनाव जीत पाए थे। बसपा सुप्रीमों के मुताबिक, इसी वजह से चंद्रशेखर पूरी तरह भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं।
ईवीएम और युवाओं के इस्तेमाल पर भी उठाए गंभीर सवाल
चंद्रशेखर पर हमला बोलते हुए मायावती ने नगीना संसदीय सीट पर ईवीएम (EVM) में गड़बड़ी कराने के भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ईवीएम में हेरफेर करवाकर चंद्रशेखर की जीत पक्की कराई। इसके साथ ही मायावती ने चंद्रशेखर की कार्यशैली और आंदोलनों की राजनीति को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर प्रदर्शन और धरना-आंदोलन के नाम पर युवाओं को आगे कर देते हैं और बाद में उन पर मुकदमे दर्ज हो जाते हैं, जिससे उनका भविष्य खराब होता है। मायावती ने दलित समाज से खास अपील करते हुए कहा कि लोग चंद्रशेखर आजाद के बहकावे और जुमलों में न आएं।
आंतरिक फेरबदल के बाद अब विरोधियों पर सीधा निशाना
गौरतलब है कि चुनाव से ठीक पहले बसपा प्रमुख लगातार कड़े फैसले ले रही हैं। हाल ही में उन्होंने पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए कई पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था और भतीजे आकाश आनंद के स्थान पर छोटे भतीजे को जिम्मेदारी दी थी। संगठन को दुरुस्त करने के बाद अब मायावती दलित राजनीति में तेजी से उभर रहे चंद्रशेखर आजाद को सीधे घेर रही हैं।सपा पर भी लगातार हमलावर हैं मायावती
चंद्रशेखर से पहले मायावती के निशाने पर मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी थी। हाल ही में मुस्लिम वोट बैंक को लेकर मायावती ने सपा पर तंज कसते हुए कहा था कि सपा अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए बार-बार रंग बदलती है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की थी कि वे सपा को वोट देकर अपना वोट बेकार न करें। मायावती का दावा है कि मुस्लिम समाज का रुख अब तेजी से बसपा की ओर बढ़ रहा है।

