
जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, भोरिंग में गुरुवार को पालक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
बैठक में पालक संघ के अध्यक्ष विनोद दीवान, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे। बैठक में विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुशासन, छात्रावास की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पालकों ने भी अपने सुझाव और अपेक्षाएं साझा कीं।
बैठक के बाद भीखम सिंह ठाकुर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के कमरों, भोजनालय, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक सुधार एवं निरंतर निगरानी रखने की बात कही।
उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय आदिवासी अंचलों के बच्चों के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित वातावरण, पौष्टिक भोजन और बेहतर आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पालकों और शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और पालक आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके और उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।