उज्जैन के ऋषि नगर इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है, जहाँ स्वाइन फ्लू (H1N1) से पीड़ित एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है और प्रभावित इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, महिला को 28 जुलाई को तबीयत बिगड़ने पर स्थानीय अवंती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 31 जुलाई को आई जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम एक्शन मोड में
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत इंदौर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया था, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अशोक पटेल ने बताया कि मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम एक्शन मोड में आ गई। एहतियात के तौर पर वार्ड क्रमांक 49 स्थित महिला के घर के आसपास के इलाकों में गहन सर्वे अभियान चलाया गया।
सर्वे में नहीं पाया लक्षण
टीम ने आसपास के 28 घरों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य का हाल जाना और स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षणों के बारे में पूछताछ की। गनीमत यह रही कि इस सर्वे में किसी भी व्यक्ति में संक्रमण या इससे मिलते-जुलते लक्षण नहीं पाए गए हैं। फिलहाल विभाग पूरे इलाके पर पैनी नजर बनाए हुए है।
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण और बचाव
अचानक तेज बुखार आना और ठंड लगना
लगातार खांसी, गले में खराश और नाक बहना
सिरदर्द, बदन दर्द और अत्यधिक थकान महसूस होना
कुछ मामलों में उल्टी या दस्त की समस्या
रखे इन बातों का ध्यान
छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर बीमारी (जैसे डायबिटीज, सांस की बीमारी) से जूझ रहे लोगों में यह संक्रमण तेजी से गंभीर रूप ले सकता है। यदि सांस लेने में तकलीफ हो, सीने में दर्द महसूस हो या तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगे, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें।