भिलाई के हथखोज स्थित सिस्कोल फैक्ट्री में बुधवार को जॉब हैंडलिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के यूनिट-3 में काम कर रहे 40 वर्षीय मजदूर राजेश निलवरकर के ऊपर अचानक भारी वस्तु गिर गई। गंभीर चोट लगने के कारण राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। राजेश अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मृतक के परिजन और साथी मजदूर बड़ी संख्या में फैक्ट्री पहुंचे। मजदूरों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया।
हादसे के बाद फैक्ट्री में प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फैक्ट्री में काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा है। पूर्व पार्षद ने भी फैक्ट्री प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। उनके मुताबिक, इसी जगह पर भारी सामान गिरने से पहले भी एक मजदूर की जान जा चुकी है। मजदूरों और परिजनों ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करने के साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग रखी है। मामले को लेकर प्रबंधन और परिवार के बीच बातचीत जारी है।पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे को लेकर सीएसपी प्रशांत सिंह ने बताया कि सिस्कोल यूनिट-3 में जॉब हैंडलिंग के दौरान भारी वस्तु राजेश के ऊपर गिर गई थी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भिलाई-3 पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।