Youth Congress Election: को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। स्थानीय प्रत्याशियों के बीच चुनावी प्रक्रिया में अनियमितता को लेकर आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। इसी बीच दूसरे प्रदेश से आए कुछ युवाओं पर मतदान करने का आरोप लगाते हुए सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मध्यप्रदेश से दो युवतियों सहित कुल नौ युवक मुंगेली पहुंचे थे। आरोप है कि इन युवाओं ने युवा कांग्रेस के चुनाव में फर्जी मतदान किया। बताया गया है कि सभी युवक मुंगेली के सर्किट हाउस में ठहरे हुए थे। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
30 अगस्त से 29 सितंबर तक मतदान प्रक्रिया
प्रदेश युवा कांग्रेस की मतदान प्रक्रिया 30 अगस्त से 29 सितंबर तक प्रस्तावित है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया के बीच बाहरी प्रदेश से आए युवाओं के मतदान की शिकायत सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय प्रत्याशियों के बीच इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। शिकायत मिलने के बाद मुंगेली सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिकायत में जिन युवाओं का जिक्र किया गया है, उन्होंने वास्तव में चुनाव में मतदान किया था या नहीं।एसडीओपी बोले- शिकायत मिली, जांच जारी
इसके अलावा, मतदान हुआ होने की स्थिति में उसकी वैधता और चुनावी नियमों के पालन की भी जांच की जा रही है। मुंगेली के एसडीओपी आशीष अरोरा ने बताया कि मामले को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

