थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। नवापारा-अभनपुर मुख्य मार्ग पर बजरंगपुर टोल नाके के पास तेज रफ्तार मिनी हाइवा और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग गंभीर रूप से फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (65) निवासी ग्राम पारागांव, सुमित यादव (19) निवासी नवागांव (कुरूद, धमतरी) और दीपक पटेल (22) निवासी कातलबोड़ (कुरूद, धमतरी) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, हालांकि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है।
