मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गूगल मैप के सहारे रास्ता तय कर रहा शराब से लदा ट्रक सीधे पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मकरोनिया थाना पुलिस ने बहेरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक आयशर ट्रक (MP 09 DF 0620) को रोका, जिसमें करीब 1500 पेटी बॉम्बे व्हिस्की भरी हुई थी। इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ट्रक में मौजूद ड्राइवर और हेल्पर ने पुलिस को बताया कि शराब की यह खेप पूरी तरह लीगल है। उन्होंने शराब परिवहन से जुड़े कई दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब की यह खेप बड़वाह से लोड की गई थी और इसे रीवा पहुंचाया जाना था। रास्ता जबलपुर होकर तय किया गया था, लेकिन सफर के दौरान एक छोटी सी लापरवाही ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया।
ड्राइवर की आंख लगी, हेल्पर ने संभाली स्टेरिंग
पुलिस पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि लंबा सफर होने के कारण उसकी आंख लग गई थी। इसके बाद हेल्पर ने ट्रक की स्टेरिंग संभाल ली। हेल्पर ने दावा किया कि वह गूगल मैप के निर्देशों के आधार पर ट्रक चला रहा था, लेकिन इसी दौरान वह रास्ता भटक गया और निर्धारित रूट छोड़कर सागर पहुंच गया। पुलिस जांच में यह पहलू सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतनी बड़ी शराब खेप गलत रास्ते पर कैसे पहुंच गई।गूगल मैप के भरोसे पड़ा भारी
हेल्पर के अनुसार, वह तकनीक के भरोसे सफर तय कर रहा था, लेकिन गलत दिशा समझने के कारण ट्रक सीधे पुलिस चेकिंग पॉइंट तक पहुंच गया। बहेरिया मार्ग पर नियमित जांच के दौरान पुलिस ने जब ट्रक को रोका तो उसमें भारी मात्रा में शराब मिली। इसके बाद ट्रक को मकरोनिया थाने लाकर पूरी खेप सुरक्षित रखवाई गई।
मकरोनिया थाना प्रभारी रविंद्र चौहान ने बताया कि ट्रक और शराब को फिलहाल पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। ड्राइवर द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दस्तावेज सही पाए जाने और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।
