उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने लखनऊ में एक बड़े देश विरोधी आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारों पर काम कर रहे थे। इनका लक्ष्य लखनऊ, गाजियाबाद और अलीगढ़ में धमाके और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देना था।
गैस सिलेंडर से आग लगाकर फैलाना चाहते थे दहशत
एटीएस के अनुसार, गिरफ्तार चारों संदिग्ध गैस सिलेंडर से आग लगाकर विभिन्न जगहों पर दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे। ये सभी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े हुए थे और उनकी हर योजना को फॉलो कर रहे थे।
साकिब उर्फ डेविड मुख्य सदस्य
यूपी एटीएस ने गिरोह का मुख्य सदस्य साकिब उर्फ डेविड को गिरफ्तार किया। साकिब नाई का काम करता था और पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था, जिसने पूरे प्लान और निर्देश दिए।
गिरोह के अन्य सदस्य हैं:
- अरबाब
- विकास गहलावत उर्फ रौनक
- लोकेश उर्फ पपला पंडित
एटीएस का कहना है कि गिरोह का मकसद भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाना और देश में आतंक का माहौल बनाना था।
QR कोड के जरिए लेते थे पैसे
चारों संदिग्ध पहले देश के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों की रेकी करते थे। कुछ जगहों पर छोटी आगजनी की घटनाओं के वीडियो पाकिस्तान भेजे जाते थे।इसके एवज में पाकिस्तानी हैंडलर QR कोड के जरिए उन्हें पैसे देता था। यूपी एटीएस ने आरोपियों के पास से ये सामान बरामद किया है:
- ज्वलनशील पदार्थ
- 7 मोबाइल फोन
- 24 पंपलेट्स
- आधार कार्ड
- एटीएस की पूछताछ जारी
एटीएस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि इस मॉड्यूल में और कौन शामिल था, और कौन-कौन देश विरोधी गतिविधियों की योजना बना रहा था।
