जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद द्वारा पार्टी अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में यह निर्णय लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 02 अप्रैल को जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में पार्टी पदाधिकारी विजय साव द्वारा मारपीट, तोड़फोड़ एवं गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया गया। इस घटना को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने इसे संगठन की छवि के लिए नुकसानदायक माना।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पदाधिकारी को अपना पक्ष रखने के लिए अवसर दिया गया था, किन्तु निर्धारित समयावधि में कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद प्राप्त शिकायतों और तथ्यों पर विचार करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया।

द्वारिकाधीश यादव ने कार्यवाई की
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने बताया कि संविधान एवं अनुशासनात्मक नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए विजय साव को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से आगामी 6 वर्षों के लिए तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है। आदेश जारी होने के पश्चात संबंधित व्यक्ति पार्टी के किसी भी पद, मंच या गतिविधि का उपयोग करने के लिए अधिकृत नहीं होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई पार्टी के भीतर अनुशासन और संगठनात्मक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
कार्रवाई का कारण
-
2 अप्रैल को जिला कांग्रेस कार्यालय में
- मारपीट
- तोड़फोड़
- गंभीर अनुशासनहीनता की घटना सामने आई।
- पार्टी के अनुसार यह व्यवहार संगठन की विचारधारा और मर्यादाओं के खिलाफ था और इससे छवि को नुकसान पहुंचा।
प्रक्रिया और निर्णय
- संबंधित पदाधिकारी को स्पष्टीकरण देने का मौका दिया गया, लेकिन समय पर जवाब नहीं मिला।
- सभी शिकायतों और तथ्यों की समीक्षा के बाद निष्कासन का निर्णय लिया गया।
निष्कासन का प्रभाव
-
6 साल की अवधि तक विजय साव निष्कासित
- किसी भी पद पर नहीं रह सकेंगे
- पार्टी की किसी गतिविधि या मंच में भाग नहीं ले सकेंगे
