वंदे मातरम् को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण के दौरान सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। वीडियो में दोनों नेताओं को उस समय आपस में बातचीत करते देखा गया, जब वंदे मातरम् का गायन चल रहा था। इसी को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं।
एच. डी. कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ऐसे ‘मूर्खतापूर्ण कारण’ बताकर मामले से बच नहीं सकतीं, क्योंकि जनता सब देख रही है।कुमारस्वामी ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि सोनिया गांधी की रगों में इटली का खून दौड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी से देश को लेकर किस तरह की उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी शादी के बाद भारत आईं और यहां बस गईं।
रविशंकर प्रसाद ने भी कांग्रेस को घेरा
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रीय गीत और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को लेकर दोहरा रवैया अपना रही है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वंदे मातरम् के गायन के दौरान सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने गोवा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम का भी जिक्र किया, जहां वंदे मातरम् के दो पद गाए जाने की बात कही।
अमित शाह ने भी कांग्रेस पर लगाया आरोप
वंदे मातरम् विवाद को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् का गायन बीच में रोकने के लिए सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कहा था। अमित शाह ने इसे देश की जनता के साथ किया गया ‘पाप’ बताया और कहा कि इसे कभी माफ नहीं किया जाएगा।भाजपा-कांग्रेस में बढ़ सकती है सियासी तकरार
वंदे मातरम् को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। भाजपा जहां कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का अपमान करने का आरोप लगा रही है, वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार है। फिलहाल सोनिया गांधी को लेकर केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी की टिप्पणी के बाद विवाद और तेज हो गया है।