छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को नया नेतृत्व मिल गया है। संजारी बालोद से विधायक संगीता सिन्हा को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का प्रभारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।
इस पद के लिए संगठन में कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। कुल पांच वरिष्ठ महिला नेताओं—अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा—ने दावेदारी पेश की थी। जनवरी में दिल्ली में इंटरव्यू प्रक्रिया आयोजित की गई थी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में सभी नेत्रियों ने अपना पक्ष रखा।

अंतिम चरण में मुकाबला मुख्य रूप से दो नामों के बीच सिमट गया था—छन्नी साहू और संगीता सिन्हा। संगठन के भीतर अलग-अलग खेमों में समर्थन बंटा हुआ था। बताया जाता है कि एक धड़ा छन्नी साहू के पक्ष में था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे से संगीता सिन्हा की दावेदारी को मजबूती मिल रही थी। लंबी चर्चा और आंतरिक मंथन के बाद आखिरकार पार्टी ने संगीता सिन्हा के नाम पर मुहर लगाते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का प्रभारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
