छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार, लापरवाही और भारी वाहनों की अनियंत्रित गति लगातार लोगों की जान ले रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सोमवार और मंगलवार को हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग हादसे के बाद सदमे में हैं। बस्तर जिले के जगदलपुर में तेज रफ्तार टिप्पर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मनेन्द्रगढ़ में एक महिला दोहरे हादसे का शिकार हो गई। पहले कार की टक्कर से महिला सड़क पर गिरी, जिसके बाद पीछे से आ रहे विद्युत विभाग के वाहन ने उसे कुचल दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। दूसरी ओर, दंतेवाड़ा में कन्वेयर बेल्ट से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हालांकि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यातायात कई घंटे तक प्रभावित रहा।
बाइक सवार दो युवकों की मौत
जगदलपुर-चित्रकोट मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बड़ांजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत छापर भानपुरी के पास तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से अपने किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे टिप्पर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
हादसे का शिकार हुई महिला कुचला
सूचना मिलते ही बड़ांजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर भेज दिया।
मृतकों की पहचान छापर भानपुरी निवासी पीलाराम कश्यप और जीरो राम कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बड़ांजी थाना प्रभारी राजेश राठौर ने बताया कि करमगुड़ा प्राथमिक स्कूल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पीलाराम कश्यप (28) और जीरो कश्यप (31) को टक्कर मारी थी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। हालांकि पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसों का कहर
कॉलेज रोड पर मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। महिला पहले कार की टक्कर से सड़क पर गिरी और इसके बाद पीछे से आ रहे विद्युत विभाग के वाहन ने उसे कुचल दिया। जानकारी के मुताबिक, महिला सड़क किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ओमनी कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गई। आसपास मौजूद लोग जब तक उसे संभाल पाते, तभी पीछे से आ रहा विद्युत विभाग का वाहन महिला के ऊपर चढ़ गया। पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार की टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिरती है और कुछ ही सेकंड बाद दूसरा वाहन उसे अपनी चपेट में ले लेता है।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक चोट और खून बहने के कारण महिला ने दम तोड़ दिया।महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर दोनों वाहनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में लापरवाही से वाहन चलाने की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
बेल्ट से भरा ट्रेलर पलटा
सातधार–नकुलनार मार्ग पर मसेनार के पास देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। यहां कन्वेयर बेल्ट से भरा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। गनीमत रही कि दुर्घटना में ट्रेलर चालक या किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रेलर पलटने से सड़क पर भारी सामान फैल गया, जिसके कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।सड़क पर गिरा NMDC का भारी सामान
बताया जा रहा है कि ट्रेलर बेंगलुरु से बचेली की ओर जा रहा था। वाहन में NMDC का भारी कन्वेयर बेल्ट लोड था। हादसे के बाद कन्वेयर बेल्ट सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने का काम शुरू किया। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया।
मंगलवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे हुए ट्रेलर और सड़क पर गिरे कन्वेयर बेल्ट को हटाया गया। इसके बाद करीब डेढ़ से दो घंटे बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई।