राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर, माथे और हाथ में गहरी चोटें आई हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बोरियाखुर्द निवासी अरशद किसी काम से काशीराम नगर गया हुआ था। इसी दौरान उसका सामना काशीराम नगर निवासी बलजीत और उसके साथियों से हो गया, जिनके साथ उसका पहले से विवाद चल रहा था। पुराने झगड़े को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।
धारदार हथियारों से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोप है कि बलजीत, बॉबी, लक्की चंद्राकर सहित अन्य युवकों ने मिलकर अरशद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने तलवार, चाकू और लोहे के कड़े से वार किए, जिससे अरशद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
हालत गंभीर
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल अरशद को बचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल युवक को तत्काल ममता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
दहशत का माहौल
वहीं, पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव और दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया जा रहा है।

