होम›
हथियार और 19 लाख की संपत्ति के साथ अंतरराज्यीय गि…
बसना पुलिस ने हथियारबंद गिरोह पकड़ा
🔴 BREAKING Featured
हथियार और 19 लाख की संपत्ति के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पलसापाली बेरियर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की कार से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, 3.25 लाख रुपये नकद और लाखों की संपत्ति बरामद की।
क
कीर्तिमान न्यूज
11 Aug 2026, 07:50 AM
महासमुंद
अवैध मादक पदार्थों और हथियार की तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना थाना पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर सघन वाहन जांच के दौरान एक हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और करीब 15 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार बरामद की गई है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 19 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त की दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर बसना पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की बिना नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को संदेह के आधार पर रोका गया। कार के पीछे पीली टीसी प्लेट MP07/C0011/TC लगी हुई थी। वाहन में चार लोग सवार थे, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली।
आरोपियों के पास से जब्त सामाग्रीगांजा खरीदने बलांगीर पहुंचे थे आरोपी
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड/सीट के पास से .315 बोर का एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं कार में रखे एक बैग से 3 लाख 25 हजार रुपये नकद मिले। आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी लेने पर चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सभी आपराधिक षड्यंत्र के तहत ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने के लिए पहुंचे थे। रास्ते में पुलिस अथवा किसी अन्य बाधा को दूर करने और जान से मारने की नीयत से अपने पास अवैध हथियार रखा था। हालांकि गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं हो पाने के कारण वे गांजा लिए बिना ही 3.25 लाख रुपये नकद लेकर वापस लौट रहे थे, तभी पलसापाली बेरियर पर पुलिस की नाकाबंदी में पकड़े गए।
मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में उमाशंकर शर्मा (41), निवासी ग्राम देवरी, जिला भिंड (मध्यप्रदेश), आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27), निवासी बरोही, जिला भिंड (मध्यप्रदेश), शिवम शर्मा (26), निवासी बरोही, जिला भिंड (मध्यप्रदेश) तथा शनि सिंग उर्फ संदीप (32), निवासी गरीकरना, जिला आगरा (उत्तरप्रदेश) शामिल हैं।
19.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
बसना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.25 लाख रुपये नकद, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, करीब 15 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 19 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना बसना में धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 10 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया है।