Samman Samaroh: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली मितानिनों के सम्मान में ग्राम रेताल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सनातन योग वेलनेस फाउंडेशन के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में गांव की दो मितानिनों को उनके लंबे समय से जारी सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सनातन योग वेलनेस फाउंडेशन एक 12A, 80G प्राप्त एवं सेक्शन-8 कंपनी के रूप में पंजीकृत संस्था है, जो स्वास्थ्य, योग, वेलनेस और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
मितानिनों के सेवा कार्यों का सम्मान
कार्यक्रम में ग्राम रेताल की मितानिन वृंदाबाई सोन और गिरजाबाई साहू को उनके वर्षों के निःस्वार्थ सेवा कार्यों के लिए शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सनातन योग वेलनेस फाउंडेशन के प्रबंध निर्देशक आर्य प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि मितानिनें वर्षों से गांव-गांव में जाकर स्वास्थ्य सेवा का कार्य कर रही हैं। गर्भवती माताओं की देखभाल, नवजात शिशुओं का टीकाकरण, कुपोषण के विरुद्ध लड़ाई, स्वास्थ्य जागरूकता और आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों की सहायता - हर मोर्चे पर मितानिनें सबसे आगे खड़ी रहती हैं।
कोरोना काल में भी मितानिनों ने निभाई अहम भूमिका
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज लगभग 72,000 मितानिनें कार्यरत हैं, जो प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। वहीं पूरे भारत में लगभग 10 लाख 40 हजार आशा वर्कर्स सेवा दे रही हैं। कोरोना काल में भी मितानिनों और आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना घर-घर जाकर लोगों की सेवा की, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मितानिनें हैं ग्रामीण परिवारों का भरोसा
प्रबंध निर्देशक ने कहा कि मितानिनें केवल स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि गांव की बेटी, बहन और मां के रूप में हर परिवार का विश्वास हैं। उनके सम्मान से ही समाज में सेवा भावना को बल मिलेगा। फाउंडेशन भविष्य में भी मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के सम्मान व सहयोग के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एसटी कल्याण प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष पप्पू राम सावरा, ग्राम रेताल प्रमुख सुरेश पटेल, ग्राम पंच रोशन साहू, गांव के वरिष्ठ नागरिक गोपीचंद साहू, आंगनबाड़ी के कार्यकर्ता गण, मनुराम सावरा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने मितानिनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके सेवा कार्यों की सराहना की।












