महासमुंद पुलिस ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमार कार्रवाई करते हुए कुल 46.580 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शराब जब्त, बिक्री की नगदी भी बरामद
कार्रवाई के दौरान कुल 46.580 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 9,700 रुपये बताई गई है। इसके अलावा थाना तेंदुकोना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह संयुक्त कार्रवाई थाना पिथौरा, सांकरा, कोमाखान और तेंदुकोना क्षेत्रों में की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने दी दबिश
थाना पिथौरा पुलिस को शिकायत हेल्प डेस्क 'संवाद' के माध्यम से ग्राम सुखीपाली में अवैध महुआ शराब रखे जाने और बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मोहन चतुर्वेदी (38) के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
15.580 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
इसी क्रम में थाना सांकरा पुलिस ने ग्राम बारीकपाली में कार्रवाई करते हुए विशाल ग्वाल (55) को अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15.580 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया।
अवैध गतिविधियों की सूचना की अपील
महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन या अन्य किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल 'संवाद' व्हाट्सएप हेल्प डेस्क पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।