छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सुधारने के दावों के बीच बड़ी संख्या में प्राचार्यों के पद खाली होने की जानकारी सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग के टी-संवर्ग यानी आदिवासी क्षेत्रों में संचालित स्कूलों में प्राचार्य के कुल 766 पद रिक्त हैं। इतने पद खाली होने के बावजूद विभाग सीमित संख्या में व्याख्याताओं को पदोन्नति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। इससे आदिवासी क्षेत्रों के स्कूलों में प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
17 अगस्त को होगी पदस्थापना काउंसलिंग
लोक शिक्षण संचालनालय ने प्राचार्य पद पर पदोन्नति और पदस्थापना के लिए 17 अगस्त 2026 को काउंसलिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए संबंधित व्याख्याताओं को नवा रायपुर स्थित इन्द्रावती भवन बुलाया गया है। विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक 7 मार्च 2025 को हुई थी, जिसमें 14 लोक सेवकों के पदोन्नति प्रकरणों पर विचार किया गया था। इनमें से अब 11 व्याख्याताओं को काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया गया है।
कोंडागांव में सबसे ज्यादा 93 पद खाली
जिलेवार स्थिति देखें तो कोंडागांव में प्राचार्य के सर्वाधिक 93 पद रिक्त हैं। बलरामपुर में 80, कांकेर में 78, बस्तर में 66, सूरजपुर में 59 और बीजापुर में 55 पद खाली हैं। इसके अलावा गरियाबंद में 40, जशपुर में 39 तथा दंतेवाड़ा और सुकमा में 37-37 पद रिक्त हैं। आदिवासी बहुल जिलों में बड़ी संख्या में प्राचार्यों की कमी से विद्यालयों के प्रबंधन और शैक्षणिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।
13 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
काउंसलिंग सूची और रिक्त पदों को लेकर दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिए 13 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे तक का समय दिया गया है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद 17 अगस्त को इन्द्रावती भवन में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। विभाग ने संबंधित व्याख्याताओं को शिक्षा पोर्टल eduportal.cg.nic.in पर जारी होने वाली सूचनाओं और अपडेट पर नियमित नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
अन्य जिलों में भी प्राचार्यों के कई पद रिक्त
कोरबा में प्राचार्य के 29, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 27, नारायणपुर में 25, कोरिया में 23 और सरगुजा में 21 पद खाली हैं। रायगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17-17, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 11, बालोद में 6, धमतरी में 5 और कबीरधाम में एक पद रिक्त है। कुल 766 रिक्त पदों की इस सूची में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों यानी डाइट के खाली पद भी शामिल हैं।