Amit Shah Bhopal Visit: पशुपालकों को करोड़ों की सौगात, उज्जैन डेयरी प्लांट और IISER के अत्रि कैंपस का करेंगे उद्घाटन
Amit Shah Bhopal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर रात भोपाल पहुंचे। शनिवार को वे गोपालक सम्मेलन, डेयरी परियोजनाओं और IISER के 500 करोड़ रुपये के ATRI कैंपस के उद्घाटन समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
Amit Shah Bhopal Visit: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अपने तय शेड्यूल से करीब ढाई घंटे की देरी से देर रात लगभग 12 बजे भोपाल पहुंचे। दिल्ली में व्यस्त कार्यक्रमों के चलते उनके आगमन में देरी हुई। भोपाल के स्टेट हैंगर पर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और डीजीपी कैलाश मकवाना सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। शनिवार को गृह मंत्री भोपाल में कई बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जिनमें सहकारिता से लेकर उच्च तकनीक शोध तक की परियोजनाएं शामिल हैं।
गोपालकों को बोनस और सहायता राशि का वितरण
दौरे का सबसे प्रमुख कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में आयोजित 'राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन' है। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 35 हजार पशुपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान
अमित शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश की गौशालाओं के सुचारू संचालन के लिए आर्थिक सहायता राशि जारी की जाएगी और पशुपालन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 'गोपालक दीदियों' को सम्मानित भी किया जाएगा।
उज्जैन और भोपाल को डेयरी सेक्टर में बड़ी सौगात
सहकारिता को मजबूती देने के उद्देश्य से गृह मंत्री उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक डेयरी प्लांट प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, भोपाल दुग्ध संघ परिसर में 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का औपचारिक लोकार्पण भी किया जाएगा। इस विशेष प्लांट के लिए केंद्र सरकार की ओर से 6 करोड़ रुपये का अनुदान मिला है, जबकि शेष राशि दुग्ध संघ द्वारा वहन की गई है।
IISER में 500 करोड़ के 'अत्रि' कैंपस का लोकार्पण
विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में मध्य प्रदेश को एक नई पहचान देते हुए अमित शाह भौंरी स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) में बनाए गए 'अत्रि' (Advancement of Technology for Renewable Energy Innovation - ATRI) कैंपस का उद्घाटन करेंगे। 52 एकड़ क्षेत्र में फैले और 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस उच्च स्तरीय संस्थान में अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) पर एडवांस रिसर्च, प्रोटोटाइपिंग, टेस्टिंग और न्यू प्रॉडक्ट डेवलपमेंट जैसे कार्य किए जाएंगे।
गृह मंत्री का शनिवार का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सुबह 11:00 बजे: होटल ताज लेक फ्रंट से भेल दशहरा मैदान के लिए रवानगी।
सुबह 11:30 – दोपहर 12:00 बजे: राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन, निरीक्षण एवं अवलोकन।
दोपहर 12:00 – 1:00 बजे: राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को संबोधन।
दोपहर 1:30 बजे: होटल ताज लेक फ्रंट वापसी।
दोपहर 2:15 – शाम 4:15 बजे: मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित अंतर-राज्यीय व प्रशासनिक विषयों पर उच्च स्तरीय बैठक।
शाम 4:15 – 5:15 बजे: नारकोटिक्स (मादक पदार्थ नियंत्रण) के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस।
शाम 5:15 बजे: भौंरी स्थित IISER कैंपस के लिए रवानगी।
शाम 6:00 – 7:25 बजे: IISER के ‘अत्रि’ (ATRI) परिसर का आधिकारिक उद्घाटन।
शाम 7:25 बजे: कार्यक्रम समापन के बाद स्टेट हैंगर के लिए रवानगी।