Amit Shah: राजधानी दिल्ली के विकास को नई रफ्तार देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को 8,941 करोड़ रुपए की कुल 43 विभिन्न विकास परियोजनाओं का भव्य उद्घाटन किया। बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने वाले इन प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ गृह मंत्री ने राजनीतिक मंच से विपक्षी दलों—विशेषकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP)—पर जमकर निशाने साधे। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि महज धरना-प्रदर्शन करने से जनता का दिल नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा, "आप जहां से चुनाव जीतकर आए हैं, कम से कम वहां के लोगों के लिए तो काम कीजिए।
जिस तरह भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर प्रधानमंत्री तक जनता से जुड़े हैं, उसे देखते हुए अगले 30 सालों तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है।" गृह मंत्री ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर तंज कसते हुए कहा कि वे शायद विदेश में बैठे होंगे इसलिए देश की आवाज नहीं सुन पा रहे हैं। उन्होंने कहा, "विदेश जाना आपकी निजी जिंदगी हो सकती है, लेकिन एक बार दिल्ली लैंड कर जाइए और जनता के बीच आकर काम देखिए।"
यमुना को बदहाल करने के लिए कांग्रेस और आप ज़िम्मेदार
दिल्ली की सबसे प्रमुख समस्या यानी यमुना के प्रदूषण को लेकर भी गृह मंत्री ने पूर्ववर्ती और मौजूदा विपक्षी सरकारों को कठघरे में खड़ा किया। शाह ने कहा कि पिछले तीन दशकों में कांग्रेस और केजरीवाल सरकार ने यमुना को सिर्फ सीवेज बहाने का जरिया बनाए रखा। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि हर दिन करीब 2,000 टन कचरा और सीवेज नदी में बहाया जाता रहा। इसके अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश से आने वाला औद्योगिक कचरा भी यमुना की दुर्दशा का बड़ा कारण बना। शाह ने भरोसा दिलाया कि अब दिल्ली के आसपास के राज्यों में बेहतर समन्वय होने के कारण सरकार ने एक समयबद्ध रोडमैप तैयार कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 तक जनता के सामने एक स्वच्छ और निर्मल यमुना पेश की जाएगी।
पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ा, 2029 तक करेंगे सफाया
पंजाब की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अमित शाह ने आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आप शासनकाल में पंजाब के भीतर नशे का कारोबार तेजी से फैला है। दिल्ली की सत्ता हाथ से निकलने के डर से 'आप' नेतृत्व पंजाब के कामकाज में अनचाहा दखल दे रहा है, जिससे वहां की प्रशासनिक व्यवस्था पंगु हो रही है। शाह ने दावा किया कि जनता अब बहानेबाजी नहीं, बल्कि ठोस परिणाम चाहती है। आगामी चुनावों में जनता 'आप' का सफाया कर देगी और एनडीए (NDA) की सरकार बनते ही 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त कर दिया जाएगा।






