Amity University Raipur: राजधानी रायपुर स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के कैंपस की मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। छात्रों का आरोप है कि मेस में परोसे जाने वाले खाने में कई बार इल्ली, बरसाती कीड़े और अन्य जीव पाए गए हैं। उनका कहना है कि भोजन के लिए नियमित भुगतान करने के बावजूद उन्हें गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ खाना नहीं मिल रहा है। छात्रों के मुताबिक, यह समस्या हाल की नहीं है, बल्कि काफी समय से मेस में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।
शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं
मानसून के दौरान स्थिति और खराब होने का आरोप लगाया जा रहा है। खाने में कीड़े मिलने की घटनाओं के बाद छात्र मेस स्टाफ और हॉस्टल प्रबंधन को इसकी जानकारी देते हैं, लेकिन उनका कहना है कि अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। छात्रों का दावा है कि शिकायतों के बावजूद मेस की सफाई व्यवस्था और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आया है। इसी वजह से कुछ विद्यार्थियों ने मेस का खाना खाना तक बंद कर दिया है।
स्वच्छता के लिए सख्त नियम लागू करने मांग
छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंता भी जताई है। मेस व्यवस्था में सुधार को लेकर छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें मेस की रसोई और स्टोर रूम की नियमित एवं गहन सफाई, भोजन में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों और अनाज की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा खाना बनाने और परोसने वाले कर्मचारियों के लिए स्वच्छता संबंधी सख्त नियम लागू करना शामिल है।शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की तो वरिष्ठ अधिकारयों से करेंगे शिकायत
छात्रों का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता से जुड़े मामले में अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। वे मेस की व्यवस्था की नियमित निगरानी और खाद्य गुणवत्ता की जांच की मांग कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने जल्द ही उनकी शिकायतों पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे मामले को उच्च स्तर तक ले जाएंगे। छात्रों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर वे सामूहिक रूप से खाद्य सुरक्षा विभाग और उच्च शिक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।
आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई सामने
फिलहाल छात्रों की शिकायतों पर यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रबंधन की प्रतिक्रिया मिलने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

