रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बरौनाकुंडा में हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर गांव की गलियों में घूम रहा था, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को ग्राम बरौनाकुंडा के एक ग्रामीण ने घरघोड़ा थाने पहुंचकर मौखिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि गांव का रहने वाला विद्याधर अगरिया लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर राहगीरों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक टीम मौके पर रवाना की।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
जब पुलिस टीम गवाहों के साथ आरोपी के घर के पास पहुंची तो विद्याधर अगरिया ने हथियार लहराते हुए पुलिस की ओर बढ़ने की कोशिश की। हालात को देखते हुए पुलिस ने धैर्य और सतर्कता से काम लिया। सही अवसर मिलते ही जवानों ने घेराबंदी कर आरोपी को बिना किसी अप्रिय घटना के काबू में कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने लेकर आई, जहां उसकी तलाशी के दौरान लोहे का कत्ता और तीर-धनुष जब्त किए गए। पुलिस ने जब्त हथियारों को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रख लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, भेजा गया जेल
घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि आरोपी हथियारों के बल पर लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।