Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। टीम इंडिया के नियमित हेड कोच गौतम गंभीर इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम के साथ जापान नहीं जाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के डायरेक्टर वीवीएस लक्ष्मण टीम की कमान संभालेंगे।
भारतीय टीम के कार्यक्रम में एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज की तारीखें आपस में टकरा रही हैं। इसी वजह से कोचिंग स्टाफ में यह बदलाव किया गया है। गौतम गंभीर वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान सीनियर टीम के साथ रहेंगे। सीरीज का पहला वनडे 27 सितंबर को खेला जाना है। वहीं, एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम अपना अभियान 28 सितंबर से शुरू करेगी। इस टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे और वीवीएस लक्ष्मण बतौर हेड कोच टीम के साथ जापान जाएंगे।
लक्ष्मण को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी
एशियन गेम्स 2026 के लिए वीवीएस लक्ष्मण को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है। खेल मंत्रालय की ओर से जारी कोचों की सूची में उनका नाम मुख्य कोच के तौर पर शामिल है। उनके साथ सुनील जोशी, ऋषिकेश कानितकर और सुभादीप घोष असिस्टेंट कोच की भूमिका में होंगे। लक्ष्मण के लिए यह जिम्मेदारी नई नहीं है। वह इससे पहले भी भारतीय टीम की कोचिंग कर चुके हैं। 2023 एशियन गेम्स में भी उनकी देखरेख में भारतीय टीम ने पुरुष क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीता था। ऐसे में एक बार फिर उनसे टीम को मजबूत प्रदर्शन कराने की उम्मीद होगी।134 टेस्ट में बनाए 8781 रन
वीवीएस लक्ष्मण का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने भारत के लिए 134 टेस्ट मैच खेले और 225 पारियों में 8781 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 17 शतक और 56 अर्धशतक दर्ज हैं। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद लक्ष्मण ने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली। वह कई मौकों पर भारतीय टीम के अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं। अब एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर उन्हें भारतीय पुरुष टीम को कोचिंग देने की अहम जिम्मेदारी मिली है।

