Womens T20 Asia Cup: भारत-हांगकांग मुकाबला आज, जीत के साथ सेमीफाइनल की राह होगी आसान
Womens T20 Asia Cup: भारत आज हांगकांग से भिड़ेगा। थाईलैंड को 94 रन से हराकर शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय टीम की नजर दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल की राह मजबूत करने पर है।
क
कीर्तिमान डेस्क | यशोदा साहू
03 Sep 2026, 11:13 AM
खेल डेस्क
Womens T20 Asia Cup: भारतीय टीम आज ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ मैदान में उतरेगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच यूएई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और हांगकांग के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर होगी, जिससे टूर्नामेंट में उसकी स्थिति और मजबूत हो सके। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट का आगाज शानदार अंदाज में किया था। रविवार को दुबई में खेले गए मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराकर अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।
महिला टी-20 एशिया कपजीत से सेमीफाइनल की राह होगी आसान
हांगकांग के खिलाफ जीत भारतीय टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में दूसरी जीत हासिल करने से भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की स्थिति काफी मजबूत हो जाएगी। टीम इस मुकाबले में भी अपने प्रदर्शन को बरकरार रखना चाहेगी। इसी बीच, दुबई में खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में श्रीलंका ने इंडोनेशिया को 75 रन से शिकस्त दी। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए।
49 रन पर सिमटी इंडोनेशियाई टीम
125 रन के लक्ष्य का पी करने उतरी इंडोनेशिया की टीम श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 18.3 ओवर में सिर्फ 49 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह श्रीलंका ने 75 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुकाबले में इंडोनेशियाई महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। हालांकि, श्रीलंका ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर मैच पर अपनी पकड़ बना ली और बाद में शानदार गेंदबाजी करते हुए जीत हासिल की। श्रीलंका की ओर से चमारी अथापथ्थु ने मुकाबले में प्रभावी प्रदर्शन किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।