Asian Games 2026: भारत के लिए बॉक्सिंग का दिन बेहद खास रहा। पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल ने दक्षिण कोरिया के किम मिनसॉन्ग को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही महिला 65 किग्रा वर्ग में परवीन हुड्डा ने भी फाइनल मुकाबला जीतकर भारत की झोली में एक और गोल्ड डाल दिया। परवीन ने चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को कड़े मुकाबले में 3-2 से शिकस्त दी। महिला 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में परवीन हुड्डा और चेन निएन-चिन के बीच मुकाबला काफी करीबी रहा।
दोनों मुक्केबाजों के बीच आखिरी दौर तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन निर्णायक समय में परवीन ने संयम बनाए रखा और 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। परवीन के लिए यह जीत इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले एशियन गेम्स से जुड़ी निराशा के बाद उन्होंने इस बार स्वर्ण पदक हासिल किया है। अब जापान में मिली यह सफलता उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर दर्ज हो गई है।
अंकुश पंघाल ने 4-0 से जीता फाइनल
पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में अंकुश पंघाल ने दक्षिण कोरिया के किम मिनसॉन्ग के खिलाफ शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा। तेज मूवमेंट और काउंटर-पंचिंग के दम पर अंकुश ने मुकाबला 4-0 से अपने पक्ष में कर लिया। अंकुश की यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने एशियन गेम्स में अपने अभियान को स्वर्ण पदक के साथ समाप्त किया। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने उज्बेकिस्तान के मौजूदा विश्व चैंपियन फजलिद्दीन एरकिनबोव को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
लवलीना बोरगोहेन ने भी जीता स्वर्ण
इससे पहले शुक्रवार को महिला 75 किग्रा वर्ग में लवलीना बोरगोहेन ने भी भारत को गोल्ड दिलाया। उन्होंने चीन की बाओ जियी को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खास बात यह रही कि लवलीना ने अपने जन्मदिन के दिन यह उपलब्धि हासिल की। लवलीना की जीत के साथ भारतीय महिला मुक्केबाजी में एशियन गेम्स गोल्ड का 12 साल का इंतजार भी खत्म हुआ। इससे पहले 2014 में एमसी मैरीकॉम ने यह उपलब्धि हासिल की थी।भारत की पदक तालिका में बड़ी छलांग
2 अक्टूबर को भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया। बॉक्सिंग में लवलीना, परवीन और अंकुश के स्वर्ण के अलावा कुश्ती में सुजीत कलकल ने भी गोल्ड जीता। महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने भी दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इन सफलताओं के बाद भारत के पदकों की संख्या 15 स्वर्ण, 25 रजत और 35 कांस्य सहित कुल 75 पदक हो गई है। ताजा उपलब्ध पदक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

