राजधानी रायपुर में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक के साथ जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। सड्डू स्थित चावला पेट्रोल पंप पर पांच युवकों ने मिलकर एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना रविवार की बताई जा रही है। मारपीट की पूरी वारदात पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
विधानसभा थाना पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी गुलाम पेट्रोल लेने के लिए सड्डू स्थित चावला पेट्रोल पंप पहुंचा था। इसी दौरान वहां सड्डू निवासी दो युवकों से उसका सामना हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुरानी रंजिश को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों युवकों ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे युवकों ने गुलाम के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में गुलाम घायल हो गया।घायल युवक को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। इसके साथ ही मामले की जानकारी विधानसभा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से घटना की जानकारी ली और इसके बाद घटनास्थल की जांच की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में पीड़ित से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवक के बीच पुरानी रंजिश थी। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।