Bagbahara Alumni Meet: प्लेटिनम, हीरक और स्वर्ण जयंती के त्रिवेणी संगम में भावुक हुए पूर्व छात्र
Bagbahara Alumni Meet: शिक्षा समिति के 70 वर्ष पूरे होने पर पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित हुआ। प्लेटिनम, हीरक और स्वर्ण जयंती के इस त्रिवेणी संगम में देशभर से पहुंचे पूर्व छात्रों ने पुरानी यादें साझा कीं। समारोह में संस्थापकों और सेवानिवृत्त गुरुजनों का सम्मान, स्मारिका व ई-बुक विमोचन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
क
कीर्तिमान न्यूज
05 Sep 2026, 11:25 AM
बागबाहरा
Bagbahara Alumni Meet: वर्ष 1956 में स्थापित बागबाहरा शिक्षा समिति द्वारा संचालित पब्लिक उच्चतर माध्यमिक शाला के 70वें वर्ष के उपलक्ष्य में स्थानीय जिन कुशल सूरी जैन भवन में एक ऐतिहासिक एवं भव्य पूर्व छात्र मिलन समारोह सम्पन्न हुआ। यह आयोजन प्लेटिनम जयंती (70 वर्ष), वर्ष 1963 से 1966 बैच की हीरक जयंती (60 वर्ष) तथा वर्ष 1967 से 1976 बैच की स्वर्ण जयंती (50 वर्ष) के सँयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिससे यह पूरा कार्यक्रम जयंतियों का अनूठा 'त्रिवेणी संगम' बन गया।
समारोह में प्रथम बैच के विद्यार्थियों सहित देश के कोने-कोने में उच्च पदों पर आसीन पूर्व छात्र—जिनमें पूर्व विधायक, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बोकारो स्टील प्लांट के पूर्व जीएम, पूर्व डीआईजी, सेल्स टैक्स के सहायक कमिश्नर, इंजीनियर, अधिवक्ता, प्रोफेसर, उद्योगपति, समाजसेवी, शिक्षक, पत्रकार एवं कृषक शामिल हैं—बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। कार्यक्रम का आरम्भ दिवंगत गुरुजनों एवं सहपाठियों की स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
जन्मोत्सव और प्लेटिनम जयंती का केक काटकर मनाया जश्न
कार्यक्रम के दौरान स्वर्ण जयंती समूह से डॉ. किशोर अग्रवाल, इंदरचंद जैन, दानवीर शर्मा, लालचंद जैन एवं हीरक जयंती समूह से डॉ. देवदास अग्रवाल, मेहतरुराम साहू, चंद्रकांत शाह, मीनालाल अग्रवाल, श्रीमती उमा देवी साहू तथा श्रीमती कमलेश अग्रवाल का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया गया। इसके पश्चात सभी पूर्व छात्रों और उनकी धर्मपत्नियों ने एक साथ मिलकर प्लेटिनम जयंती का विशेष केक काटा। जीवन के 78वें वर्ष के पड़ाव पर पहुँचे सहपाठियों ने भावुक होकर कहा कि जीवन के इस मोड़ पर अपनी मातृसंस्था का त्रिवेणी संगम देखना सचमुच अविस्मरणीय अनुभूति है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र का शुभारम्भ बागबाहरा शिक्षा समिति के अध्यक्ष देवीचंद श्रीश्रीमाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के तौर पर अपने उद्बोधन में शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्रीश्रीमाल कहा कि 70 वर्ष पूर्व हमारे पूर्वजों की सकारात्मक सोच और प्रयासों से इस अंचल में शिक्षा की जो गंगा बही, उसी का परिणाम है कि आज हजारों लोग लाभान्वित होकर शीर्ष पदों पर हैं। श्रीश्रीमाल ने समिति के संस्थापक सेठ स्व. नेमीचंद श्रीश्रीमाल, स्व. लखमीचंद गोलछा, स्व. मुंशीलाल अग्रवाल, स्व. श्रीकृष्ण अग्रवाल और स्व. हीरालाल अग्रवाल के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि समिति ने उस दौर में यहाँ आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस कॉलेज शुरू किया था, जब रायपुर के अलावा कहीं भी ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं थी। समारोह में सेवानिवृत्त गुरुजनों सर्वश्री हरीश पाण्डेय, सी.पी. तिवारी, एच.के. गुप्ता व रेखराज चन्द्राकर को शॉल व श्रीफल भेंट कर भावभीना सम्मान दिया गया।
बागबाहरा पूर्व छात्र मिलन समारोहस्मारिका व ई-बुक विमोचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम के अतिथियों देवीचंद श्रीश्रीमाल, डॉ. देवदास अग्रवाल, पूर्व विधायक परेश बागबाहरा, सुरेश अग्रवाल, विश्वनाथ अग्रवाल एवं कुंजलाल देवांगन द्वारा समारोह की विशेष स्मारिका एवं ई-बुक का विमोचन किया गया। डॉ. किशोर अग्रवाल, इंदरचंद जैन और दानवीर शर्मा ने अपने संस्मरण साझा करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी दौरान पब्लिक उ.मा. शाला एवं आशीबाई लखमीचंद गोलछा कन्या शाला के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार अग्रवाल (कोमाखान) ने तथा आभार प्रदर्शन मुख्य संयोजक विश्वनाथ अग्रवाल ने किया।
विशिष्ट उपस्थिति और पुरानी यादों का पुनरावलोकन
इस गरिमामयी अवसर पर डॉ. जी. बी. सिंह छाबड़ा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शांतिलाल श्रीश्रीमाल, तेजनाथ सोनी, गुरुबख्श सिंह छाबड़ा, श्यामलाल अग्रवाल, तिलकराम यादव, आर.बी. साहू (अधिवक्ता), हीरालाल टांडे, कन्हैयालाल सारडा, तोरण सिंह श्रीवास, शान्तिलाल गण्डेचा, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेन्द्र तिवारी, डॉ. राधाकांत बाग, रसिकलाल सोलंकी, मोहनलाल सारडा, कुलदीप सिंह छाबड़ा, ओमप्रकाश गुप्ता, किशोर चंद महन्ती, कमल किशोर व्यास, सुरेश ठक्कर, गोविंदलाल सारडा, स्वप्ननाथ, दुर्गा प्रसाद अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, गजानंद शर्मा, मनोहर महन्ती, महेश दुबे, प्रभुदयाल अग्रवाल, हरकेश मारवाह, महेश अग्रवाल, शब्बीर भाई, लखबीर सिंह छाबड़ा, मोहम्मद जावेद खान, अजय अग्रवाल, अनिल पुरोहित, सुनील अग्रवाल, महावीर जैन उपस्थित रहे, वहीं शिक्षा समिति से रूपेश गोयल, के.के. शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मनीष श्रीश्रीमाल एवं राजकुमार (राजू) अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य जन मौजूद थे। समारोह के उपरांत दूर-दराज से आए पूर्व छात्रों ने सपरिवार अपनी पुरानी शाला का भ्रमण कर पुरानी यादों को जीवन्त किया, बागबाहरा के विकास का नए-पुराने नजरिए से अवलोकन किया और प्रसिद्ध चण्डी माता मन्दिर पहुँचकर दर्शन-पूजन का लाभ लिया।