Bastar Olympics: जगदलपुर और लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों ने दिखाया दम, कई स्पर्धाओं में चमकी प्रतिभा
Bastar Olympics: जिला स्तरीय जूनियर मुकाबलों में जगदलपुर और लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। वॉलीबॉल, हॉकी, बैडमिंटन और तीरंदाजी में जगदलपुर ने बाजी मारी, जबकि कबड्डी और खो-खो में लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों ने पहला स्थान हासिल किया। 25 और 26 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों के 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया।
Bastar Olympics: जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 के जूनियर वर्ग में 14 से 17 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दो दिवसीय (25 और 26 नवंबर) इस आयोजन में अलग-अलग विकासखंडों से आए युवाओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और विशेष रूप से
जगदलपुर व लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन खासा चर्चा में रहा। मुकाबलों का आयोजन शहर व आसपास के कई प्रमुख खेल स्थलों—इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड जगदलपुर—में किया गया। इस बार पारंपरिक खेलों के साथ एथलेटिक्स, कराते, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और तीरंदाजी जैसी स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने जोर आजमाया।
टीम गेम्स में किसने मारी बाजी?
वॉलीबॉल: बालिका वर्ग में जगदलपुर पहले, बास्तानार दूसरे और लोहंडीगुड़ा तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग में भी जगदलपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि लोहंडीगुड़ा उपविजेता और बकावंड तीसरे स्थान पर रहा।
फुटबॉल: बालिका वर्ग में तोकापाल ने पहला, दरभा ने दूसरा और बकावंड ने तीसरा स्थान पाया। वहीं बालक वर्ग में जगदलपुर अव्वल रहा, लोहंडीगुड़ा दूसरे और बकावंड तीसरे स्थान पर रहा।
हॉकी: बालिका और बालक—दोनों ही वर्गों में जगदलपुर ने पहला स्थान अपने नाम किया। बालक वर्ग में बस्तर दूसरे और तोकापाल तीसरे स्थान पर रहा।
कबड्डी और खो-खो में लोहंडीगुड़ा का जोरदार खेल
कबड्डी और खो-खो के मुकाबलों में लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और दमदार खेल दिखाया। बालक और बालिका—दोनों ही श्रेणियों में लोहंडीगुड़ा ने पहला स्थान हासिल किया और टीम भावना की मिसाल पेश की।
बैडमिंटन व तीरंदाजी में जगदलपुर अव्वल, कराते-वेटलिफ्टिंग में भी पदक
तीरंदाजी की 30 मीटर और 50 मीटर व्यक्तिगत व टीम स्पर्धाओं में जगदलपुर के खिलाड़ियों ने कई पहला स्थान दर्ज किए। बैडमिंटन के बालक और बालिका वर्ग के सिंगल्स व डबल्स मुकाबलों में भी जगदलपुर के
खिलाड़ियों ने सभी स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया। उधर, कराते और वेटलिफ्टिंग के अलग-अलग भार वर्गों में जगदलपुर, बास्तानार, बकावंड और तोकापाल के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी दावेदारी मजबूत की।
एथलेटिक्स में दिखा कड़ा मुकाबला
एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। ऊंची कूद, लंबी कूद, 4x100 मीटर रिले, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के अलावा गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक में खिलाड़ियों ने अपनी ताकत व तकनीक का प्रदर्शन किया। इन स्पर्धाओं में जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, बकावंड, बास्तानार, दरभा, बस्तर और तोकापाल के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जूनियर वर्ग की इन प्रतियोगिताओं ने जिले के ग्रामीण व स्थानीय स्तर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अहम मंच दिया। अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।