Bastar Olympics: विधायक आशाराम नेताम ने किया शुभारंभ, कांकेर की टीम ने जीता पहला मुकाबला
Bastar Olympics: छत्तीसगढ़ के कांकेर में तीसरे सीजन की शुरुआत हो गई है। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों के खिलाड़ी 11 खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। विधायक आशाराम नेताम ने आयोजन का शुभारंभ किया। पहले मुकाबले में बालिका वर्ग की रस्साकसी में कांकेर की टीम ने अंतागढ़ को हराया।
प्रकाशित: 24 Nov 2026, 10:48 AM· 2 मिनट पढ़ने का समय
बस्तर
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Bastar Olympics: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से शुरू हुआ बस्तर ओलंपिक इस साल भी उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को कांकेर में प्रतियोगिता का जिला स्तरीय आयोजन शुरू हुआ। दो दिनों तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ी 11 अलग-अलग खेल विधाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट से हुई। इसमें शामिल खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।
विधायक आशाराम नेताम ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
बस्तर ओलंपिक का विधिवत शुभारंभ विधायक आशाराम नेताम ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांकेर बस्तर का प्रवेश द्वार है और यहां इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक को क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बालिका वर्ग की रस्साकसी में कांकेर और अंतागढ़ की टीमों के बीच हुआ। इस मुकाबले में कांकेर की टीम ने जीत हासिल की। इसके बाद जूनियर वर्ग की अन्य खेल प्रतियोगिताएं भी शुरू हो गईं।
बस्तर ओलंपिक में कबड्डी का खेल
कलेक्टर कुंदन कुमार ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
आयोजन के दौरान कलेक्टर कुंदन कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। कलेक्टर ने बताया कि जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलें। इससे कांकेर के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकेंगे।
2024 में हुई थी बस्तर ओलंपिक की शुरुआत
बस्तर ओलंपिक की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। पहले आयोजन के बाद वर्ष 2025 में इसका दूसरा सीजन आयोजित किया गया और अब 2026 में तीसरे वर्ष भी यह खेल प्रतियोगिता जारी है। इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर संभाग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और खेलों के प्रति युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है।