Beverage Industry: करीब 33 साल पहले कोका-कोला ने पारले बिसलेरी के मालिक रमेश चौहान से Gold Spot ब्रांड खरीदा था। इसके लगभग सात साल बाद यानी 2000 के आसपास इसे भारतीय बाजार से चुपचाप हटा दिया गया। अब लंबे अंतराल के बाद Coca-Cola इस पुराने और लोकप्रिय ब्रांड को फिर से लॉन्च करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Gold Spot अगले सप्ताह से एक बार फिर दुकानों की शेल्फ पर नजर आ सकता है।
कम और जीरो शुगर वाले ड्रिंक के रूप में होगी वापसी
Gold Spot की पहचान पहले एक मीठे ऑरेंज फ्लेवर वाले सॉफ्ट ड्रिंक के रूप में रही है। हालांकि, इस बार कंपनी इसे बिल्कुल नए अंदाज में पेश करने की योजना बना रही है। नए प्रोडक्ट में कम चीनी और बिना चीनी वाले विकल्पों पर जोर दिया जाएगा। कंपनी का उद्देश्य उन ग्राहकों को आकर्षित करना है, जो स्वाद के साथ अपनी सेहत और कैलोरी का भी ध्यान रखते हैं।
1993 में Coca-Cola ने खरीदा था ब्रांड
Gold Spot की वापसी के पीछे कंपनी की पुरानी रणनीति भी जुड़ी हुई है। साल 1993 में Coca-Cola ने पारले बिसलेरी के मालिक रमेश चौहान से Thums Up और Limca के साथ Gold Spot भी खरीदा था। इसके बाद कंपनी ने Gold Spot को बंद कर दिया, ताकि अपने अंतरराष्ट्रीय ऑरेंज ड्रिंक ब्रांड Fanta को भारतीय बाजार में बढ़ावा दिया जा सके।
Gold Spot को बंद करने के पीछे वजह
दरअसल, Gold Spot की शुरुआत साल 1952 में पारले ने की थी। यह ऑरेंज फ्लेवर वाला लोकप्रिय सॉफ्ट ड्रिंक था। साल 1993 में जब Coca-Cola ने भारत में दोबारा कारोबार शुरू किया, तब उसने रमेश चौहान के पारले समूह से Gold Spot, Thums Up, Limca और Maaza जैसे ब्रांड खरीद लिए।
- Fanta से सीधी टक्कर: Gold Spot और Fanta दोनों ऑरेंज फ्लेवर वाले सॉफ्ट ड्रिंक थे। दोनों एक ही बाजार में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे।
- अपने ग्लोबल ब्रांड को बढ़ावा: Coca-Cola चाहती थी कि भारतीय बाजार में Fanta की पहचान और बिक्री मजबूत हो।
- ब्रांड पर फोकस: कंपनी ने एक ही कैटेगरी के दो ब्रांड चलाने के बजाय Fanta पर ज्यादा ध्यान देने का फैसला किया।
हेल्दी ड्रिंक्स की बढ़ती मांग पर कंपनी की नजर
भारत में अब बड़ी संख्या में ग्राहक कम चीनी और जीरो शुगर वाले पेय पदार्थों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी बदलती पसंद को देखते हुए कंपनियां अपने पुराने और नए ब्रांड्स में बदलाव कर रही हैं। Gold Spot की वापसी भी इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। देश के एरेटेड ड्रिंक्स बाजार में कोला का दबदबा है, जबकि ऑरेंज फ्लेवर वाले पेय पदार्थों की हिस्सेदारी तुलनात्मक रूप से कम है।
Coca-Cola की बाजार में वापसी की वजह
Coca-Cola अब Gold Spot को दोबारा बाजार में इसलिए उतारना चाहती है, क्योंकि ग्राहकों के बीच कम चीनी और Zero Sugar ड्रिंक्स की मांग बढ़ रही है। साथ ही Reliance के Campa और ITC जैसे ब्रांड्स से मिल रही प्रतिस्पर्धा के बीच कंपनी अपने पुराने लोकप्रिय ब्रांड के जरिए बाजार में पकड़ मजबूत करना चाहती है।
Gold Spot को किस साल भारतीय बाजार से बंद किया गया था
सन् कितना में बंद हुआ था कंपनी Gold Spot को Coca-Cola ने साल 2000 में भारतीय बाजार से बंद कर दिया था। इसे 1993 में पारले समूह से खरीदने के बाद Fanta को बढ़ावा देने के लिए बाजार से हटाया गया था।
चीनी की मात्रा को लेकर बढ़ सकती है सख्ती
पेय पदार्थों और पैकेज्ड फूड में चीनी, नमक और फैट की मात्रा को लेकर नियामकीय स्तर पर भी सख्ती की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खाद्य उत्पादों के पैकेट के सामने लाल रंग का हेक्सागोनल लेबल लगाने का प्रस्ताव है, जिससे अधिक चीनी, नमक और फैट वाले उत्पादों की पहचान आसानी से हो सकेगी। ऐसे माहौल में कम और बिना चीनी वाले पेय पदार्थ कंपनियों के लिए अहम विकल्प बन सकते हैं।
Thums Up की सफलता से कंपनी को उम्मीद
Coca-Cola के लिए भारत में पुराने ब्रांड्स की वापसी का अनुभव नया नहीं है। Thums Up इसका बड़ा उदाहरण है, जिसने भारतीय कोला बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाए रखी है। कंपनी के एक एग्जीक्यूटिव के मुताबिक, लंबे समय बाद किसी पुराने ब्रांड को दोबारा बाजार में स्थापित करना आसान नहीं होता। इसके लिए बेहतर डिस्ट्रीब्यूशन, सही प्रोडक्ट और मार्केटिंग में निवेश जरूरी है।












