Bilaspur News: सोशल मीडिया विवाद के बाद हिंसक झड़प, 25 लोगों पर केस, धारा 163 लागू
Bilaspur News: कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया विवाद के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है। पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क
कीर्तिमान न्यूज
30 Aug 2026, 08:22 AM
बिलासपुर
Bilaspur News: इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई दो लोगों की बहस देखते ही देखते सड़कों पर उतर आई और हिंसक झड़प में बदल गई। शुक्रवार देर रात बिलासपुर के कोतवाली क्षेत्र में दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैलने की स्थिति बन गई। उपद्रव बढ़ता देख प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने खुद देर रात ही घटनास्थल का मुआयना किया।
25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
इलाके में दोबारा कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए धारा 144 की तर्ज पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी रुख अपनाया है। अब तक कुल 25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं—जैसे धारा 109(2), 115(2), 190, 191(3), 192, 296, 324(4) और 351(3)—के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि उपद्रव में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
सोशल मीडिया टिप्पणी के बाद भड़की हिंसाक्या बंद रहेगा और क्या खुला?
पाबंदियां: 5 या उससे अधिक लोगों के एक जगह एकत्र होने, किसी भी तरह का जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने और हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
राहत: आम जनता की सहूलियत का ध्यान रखते हुए बाजारों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। लोग दैनिक खरीदारी के लिए सामान्य दिनों की तरह बाजार जा सकते हैं।
प्रशासन की शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस और जिला प्रशासन ने शहरवासियों से संयम बरतने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह पर भरोसा न करें। किसी भी जानकारी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे स्थानीय पुलिस को दें। फिलहाल पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।