Bilaspur Latest News: सकरी थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां कुछ नाबालिग बच्चों की नादानी और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने की सनक ने राहगीरों की सांसें अटका दीं। कोटा रोड स्थित चोरभट्टी के पास रात के सन्नाटे में ये बच्चे भूत का रूप धरकर अचानक लोगों के सामने आ जाते थे और उन्हें डराते थे। इस दौरान उनका ही एक साथी इस पूरी हरकत का मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करता था।
सोशल मीडिया का भूत चढ़ना पड़ा भारी
दरअसल, आजकल युवाओं और बच्चों पर रील्स व वीडियो बनाकर मशहूर होने का खुमार चढ़ा हुआ है। इसी चक्कर में चोरभट्टी के इन नाबालिगों ने गांव के बाहर सुनसान सड़क पर राहगीरों को डराने का खेल शुरू किया। रात में अचानक सामने आने वाले 'नकली भूत' को देखकर कई राहगीर बुरी तरह सहम जाते थे। लगातार हो रही इस हरकत से तंग आकर गांव वालों ने खुद मोर्चा संभाला और घेराबंदी करके इन बच्चों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
डायल 112 की टीम पहुंची मौके पर
गांव वालों ने घटना की जानकारी तुरंत डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि जब पुलिस की टीम पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने बच्चों को रोक रखा था और उनके परिजन भी वहां पहुंच चुके थे। पूछताछ में बच्चों ने माना कि वे केवल प्रैंक वीडियो बनाने और मनोरंजन के लिए यह सब कर रहे थे।
थाने तक नहीं पहुंचा मामला, परिजनों की मौजूदगी में मिली हिदायत
मामले में किसी भी पक्ष ने औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। गांव का मामला होने और इसमें छोटे बच्चों के शामिल होने के कारण ग्रामीणों ने भी बात को आगे बढ़ाना सही नहीं समझा। इसके बाद पुलिस ने परिजनों और गांव के वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी में सभी नाबालिगों को कड़ी हिदायत दी और दोबारा ऐसी हरकत न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।

