Book Launch: राजनीतिक गलियारों से लेकर साहित्य जगत तक, इन दिनों कांग्रेस संसदीय दल की chairperson सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की चर्चा हर तरफ है। सोमवार, 16 नवंबर को देश की राजधानी दिल्ली में इस बहुचर्चित किताब का औपचारिक विमोचन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में देश भर से दिग्गज नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। मंच पर सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई गणमान्य लोगों ने किताब से जुड़ी अपनी यादें और अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान माहौल तब बेहद हल्का-फुल्का और दिलचस्प हो गया, जब राहुल गांधी ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। उन्होंने मंच से अपनी पहली गर्लफ्रेंड और कैम्ब्रिज के दिनों का एक मजेदार वाकया सुनाकर वहां मौजूद सभी लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
कैम्ब्रिज के उस ऐतिहासिक रेस्टोरेंट की यादें
राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता (राजीव गांधी और सोनिया गांधी) की पहली मुलाकात को लेकर कई कहानियां सुन रखी थीं। इनमें से एक चर्चित किस्सा कैम्ब्रिज के मशहूर 'वर्सिटी रेस्टोरेंट' का भी था, जिसका जिक्र सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब में भी किया है। अपने माता-पिता की प्रेम कहानी से जुड़े इस स्थान को लेकर राहुल के मन में एक अलग ही उत्सुकता थी। उन्होंने बताया, "जब मैंने यह किस्सा कई लोगों से सुना, तो मैं भी अपनी पहली गर्लफ्रेंड के साथ उसी वर्सिटी रेस्टोरेंट में जा पहुंचा।" जब उनसे हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा गया कि अब वह गर्लफ्रेंड कहां हैं, तो राहुल ने मुस्कुराते हुए सहजता से जवाब दिया— "अब वह दोस्त हैं।"
जब वेटर ने दिया हैरान करने वाला जवाब
वर्सिटी रेस्टोरेंट जाने के अपने इस अनुभव को साझा करते हुए राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने वहां पहुंचने का फैसला इसलिए किया था क्योंकि उन्होंने इसके बारे में बहुत कुछ सुन रखा था। उन्होंने आगे बताया, "मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा— चलो, वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं। मैं देखना चाहता था कि आखिर मेरे मम्मी-पापा कहां मिले थे। हम वहां गए और बैठ गए। थोड़ी देर बाद वेटर मेन्यू लेकर आया, और मैंने उससे बातों-बातों में कह दिया कि मेरे मम्मी-पापा इसी रेस्टोरेंट में मिले थे।" राहुल के मुताबिक, यह सुनकर वेटर ने उनकी तरफ देखा और कहा, 'ओह, वे दोनों? मैं उन्हें जानता हूँ।' जब राहुल ने हैरानी से पूछा कि आप उनके बारे में क्या जानते हैं, तो उस शख्स ने जवाब दिया, 'अरे, वे दोनों... मुझे अच्छे से पता है कि आप किनकी बात कर रहे हैं।'प्यार में पड़ना है तो जाइए, लेकिन यह डिश मत मंगाइएगा
किताब के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में वहां मौजूद लोगों को एक सलाह भी दे डाली। उन्होंने हंसते हुए कहा, "सुनिए, अगर आप सच में प्यार में पड़ना चाहते हैं, तो वर्सिटी रेस्तरां जरूर जाइए; लेकिन वहां भूलकर भी 'चिकन चैसर' मत खाइयेगा।" उन्होंने मंच पर बैठीं अपनी मां सोनिया गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उन्हें शायद याद होगा कि उनके माता-पिता के समय में भले ही वह डिश शानदार रही हो, लेकिन अब वहां का खाना बहुत ही खराब है। हालांकि, पुरानी यादों को ताजा करने के लिए राहुल ने उस दिन रेस्टोरेंट में वही चिकन डिश ऑर्डर की, जो उनके माता-पिता अक्सर वहां खाया करते थे।
माता-पिता के रिश्ते पर क्या बोले राहुल?
कार्यक्रम के अंत में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता—राजीव और सोनिया गांधी के रिश्ते की एक बहुत ही प्यारी और अनसुनी बात साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता को कभी-कभार बहस करते हुए तो देखा था, लेकिन अपने पूरे जीवन में दोनों को सिर्फ एक ही बार लड़ते हुए देखा था। संयोग से, उस एकमात्र लड़ाई के वक्त भी राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। राहुल के इस संस्मरण ने न सिर्फ कार्यक्रम में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया, बल्कि एक गंभीर राजनीतिक आयोजन को बेहद आत्मीय और पारिवारिक बना दिया।











