Brain Tumor Symptoms: अक्सर हम में से ज्यादातर लोग सिरदर्द को बेहद आम मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। काम का तनाव, नींद पूरी न होना, थकान या स्क्रीन के सामने ज्यादा वक्त बिताना इसके सबसे आम कारण माने जाते हैं। लेकिन क्या हो अगर यह सिरदर्द किसी बड़ी और गंभीर बीमारी का संकेत दे रहा हो? हाल ही में सामने आया एक मामला इस बात की गवाही देता है कि शरीर के छोटे-छोटे संकेतों को समय रहते समझना कितना जरूरी है।
तनाव समझकर की अनदेखी, निकला ब्रेन ट्यूमर
यह मामला 33 साल के राजू (Raju) का है। राजू अपनी नई नौकरी, परिवार की जिम्मेदारियों और तीन छोटे बच्चों (जिनकी उम्र 6, 5 और 2 साल है) की परवरिश में व्यस्त थे। शुरुआत में उन्हें लगातार सिरदर्द की शिकायत हुई, तो उन्होंने इसे रोजमर्रा की व्यस्तता, तनाव और डिहाइड्रेशन का नतीजा समझा। लेकिन धीरे-धीरे स्थिति बदलने लगी। सिरदर्द के साथ-साथ उन्हें चक्कर आने लगे, पैरों में कमजोरी महसूस होने लगी और चलने में उनका संतुलन बिगड़ने लगा। इसके बावजूद, उन्होंने अपनी दिनचर्या नहीं बदली और जिम जाना भी जारी रखा। उन्हें लगा कि शायद यह वर्कआउट या थकान का असर है।
एक फैसले ने बदली जिंदगी
शुरुआत में डॉक्टरों ने उन्हें ऑप्टिशियन से मिलने की सलाह दी थी। हालांकि, एक पुराने दोस्त की अचानक हुई मौत ने राजू को अपनी सेहत को लेकर गंभीर सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद वे सीधे अस्पताल के इमरजेंसी विभाग पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जब उनका सीटी स्कैन किया, तो दिमाग में एक बड़ा ग्रोथ (ट्यूमर) दिखाई दिया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया। एमआरआई और अन्य मेडिकल जांचों के बाद डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उन्हें ग्रेड 4 एस्ट्रोसाइटोमा (Grade 4 Astrocytoma) है, जो एक प्रकार का गंभीर ब्रेन ट्यूमर है।
क्या होता है ग्रेड 4 एस्ट्रोसाइटोमा ?
मेडिकल भाषा में समझें तो एस्ट्रोसाइटोमा एक ऐसा ब्रेन ट्यूमर है जो 'एस्ट्रोसाइट्स' (Astrocytes) नाम की कोशिकाओं से पनपता है। ये कोशिकाएं हमारे दिमाग में नर्व सेल्स को सपोर्ट करने का काम करती हैं। कैंसर रिसर्च यूके के अनुसार, एस्ट्रोसाइटोमा अलग-अलग ग्रेड के होते हैं। जहां कुछ ट्यूमर बहुत धीमी गति से बढ़ते हैं, वहीं हाई-ग्रेड ट्यूमर (जैसे ग्रेड 4) बहुत तेजी से फैलते हैं और आसपास के ब्रेन टिशू को नुकसान पहुंचाते हैं। इसके लक्षणों में सिरदर्द, दौरे पड़ना, देखने में धुंधलापन, शरीर के किसी हिस्से का सुन्न पड़ना और संतुलन खोना शामिल हो सकते हैं।
सफल सर्जरी और आगे का इलाज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच के करीब दो हफ्ते बाद राजू की नॉटिंघम के क्वीन्स मेडिकल सेंटर में इमरजेंसी ब्रेन सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने सर्जरी के दौरान ट्यूमर का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा सफलतापूर्वक निकाल दिया। सर्जरी के बाद उनके इलाज का अगला दौर शुरू हुआ। उन्होंने ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के तहत 6 हफ्तों तक कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी का कोर्स पूरा किया, जिसके बाद आगे की कीमोथेरेपी भी जारी है।क्या हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर का संकेत होता है ?
विशेषज्ञों का साफ कहना है कि हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर नहीं होता। ज्यादातर सिरदर्द तनाव, माइग्रेन या अन्य सामान्य कारणों से होते हैं और इनसे घबराने की जरूरत नहीं होती। लेकिन, आपको डॉक्टर से संपर्क कब करना चाहिए? अगर आपके सिरदर्द का पैटर्न सामान्य से अलग हो, दर्द लगातार बढ़ता जा रहा हो, या इसके साथ नीचे दिए गए लक्षण दिखें तो तुरंत मेडिकल जांच करवाएं:
- सिरदर्द के साथ चक्कर आना या शरीर का संतुलन बिगड़ना।
- अचानक दौरे पड़ना (Seizures)।
- लगातार उल्टी या मिचली आना।
- देखने या बोलने में अचानक परेशानी होना।
- व्यवहार में बदलाव या बहुत ज्यादा सुस्ती/नींद आना।







