Healthcare: मौसम के बदलने से हमारा शरीर ही बीमार नहीं पड़ता, बल्कि इसका असर मन यानी दिमाग पर भी पड़ता है। इस स्थिति को विंटर ब्लूज (Winter Blues) कहते हैं। अफसोस की बात है कि लोग अपने बिगड़ते मानसिक स्वास्थ्य को पहचान नहीं पाते और समझ नहीं पाते कि वे पहले से ज्यादा चिड़चिड़े, उदास और गुस्सैल क्यों हो गए हैं। कुछ लोगों को लगता है कि ठंड के मौसम में सुस्ती और किसी भी काम को करने की इच्छा कम होना सामान्य बात है। लेकिन कई बार ये लक्षण विंटर ब्लूज से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि विंटर ब्लूज क्या है और सर्दियों में अपने मूड को बेहतर कैसे रखा जा सकता है।
रोजाना धूप में बैठें, दूर होगी उदासी
सर्दियों में लोग अक्सर रजाई और कंबल में ज्यादा समय बिताते हैं, जिससे वे प्राकृतिक धूप से दूर रह जाते हैं। जबकि पर्याप्त रोशनी मूड को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। मेयो क्लिनिक के अनुसार, लाइट थेरेपी मौसमी अवसाद के लक्षणों को कम करने में उपयोगी हो सकती है। ऐसे में रोजाना 15-20 मिनट धूप में बैठने की आदत डालें।
सुबह की एक्सरसाइज से कम होगा चिड़चिड़ापन
सुबह की हल्की एक्सरसाइज मूड को बेहतर बनाने और तनाव कम करने में मदद कर सकती है। इसके लिए जरूरी नहीं कि आप घंटों जिम में बिताएं। रोजाना 10-15 मिनट की वॉक, योग या हल्की-फुल्की स्ट्रेचिंग भी फायदेमंद हो सकती है।समय पर खाना खाएं, डाइट का रखें ध्यान
कई बार मूड खराब होने पर लोग खाना तक छोड़ देते हैं। इससे शरीर में ऊर्जा की कमी हो सकती है और चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। ऐसे में समय पर भोजन करना जरूरी है। अपनी पसंद का खाना बनाकर खाने से भी मन खुश रह सकता है। डाइट में प्रोटीन, फाइबर और कार्बोहाइड्रेट की संतुलित मात्रा शामिल करें।
सर्दियों में पानी पीना न करें कम
ठंड के मौसम में प्यास कम लगती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि शरीर को पानी की जरूरत नहीं होती। पर्याप्त पानी पीना शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है। पानी की कमी से सिरदर्द और थकान जैसी परेशानियां हो सकती हैं, जो मूड को भी प्रभावित कर सकती हैं। इसके अलावा नींबू, पुदीना और खीरे से तैयार पेय भी अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं।पुरानी हॉबी को फिर से बनाएं दिनचर्या का हिस्सा
अगर आपने अपनी पसंदीदा हॉबी को लंबे समय से समय नहीं दिया है, तो सर्दियों में उसे दोबारा शुरू करें। पेंटिंग, किताबें पढ़ना, गार्डनिंग, संगीत सुनना या कुकिंग जैसी गतिविधियां मन को खुश रखने में मदद कर सकती हैं। इससे रचनात्मकता और काम करने की इच्छा भी बढ़ सकती है।
दोस्तों और परिवार के साथ बिताएं समय
अगर आपका मूड लगातार खराब रहता है, तो खुद को अकेले रखने के बजाय परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं। साथ में घूमने का प्लान बनाएं या किसी करीबी से फोन पर बात करें। यहां तक कि एक छोटी-सी वीडियो कॉल भी मन को हल्का और तरोताजा महसूस करा सकती है।












