Health Tips: जिम जाने या ट्रेडमिल पर घंटों पसीना बहाने का झंझट अब पुराना होता जा रहा है। आजकल फिटनेस की दुनिया में एक नया और बेहद असरदार ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है - रकिंग वॉक। अगर आपने भी इसके बारे में सुना है और जानना चाहते हैं कि आखिर यह आम वॉक से कितनी अलग है, तो यह लेख आपके लिए ही है। आइए बहुत ही आसान भाषा में समझते हैं कि रकिंग वॉक क्या है, इसके क्या फायदे हैं और इसे शुरू करने से पहले आपको किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए।
क्या होती है रकिंग वॉक?
देखने में यह सामान्य पैदल चलने जैसी ही लगती है, लेकिन इसमें एक छोटा सा बदलाव होता है—आप इसे पीठ पर वजनदार बैग (जिसे रैक या बैकपैक कहते हैं) लादकर करते हैं। इसकी शुरुआत असल में सेना से हुई थी, जहां सैनिक अपनी ट्रेनिंग के दौरान भारी-भरकम सामान से भरा बैग लादकर लंबी दूरियां तय किया करते थे। धीरे-धीरे यह फिटनेस लवर्स और हाइकर्स के बीच भी हिट हो गया। अगर आप बिना किसी भारी-भरकम जिम इक्विपमेंट के घर के बाहर ही स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और कार्डियो दोनों का मजा एक साथ लेना चाहते हैं, तो रकिंग वॉक आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन साबित हो सकती है।
रकिंग वॉक के शानदार फायदे
- तेजी से बर्न होती है कैलोरी: जब आप पीठ पर वजन लेकर चलते हैं, तो शरीर को आगे बढ़ने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे नॉर्मल वॉक के मुकाबले काफी तेजी से कैलोरी बर्न होती है।
- स्टैमिना और ताकत में सुधार: कई फिटनेस स्टडीज यह मानती हैं कि अगर आप हफ्ते में कुछ दिन वजन के साथ वॉक करने की आदत डाल लें, तो कुछ ही हफ्तों में आपकी फिजिकल स्ट्रेंथ और सहनशक्ति (Stamina) काफी बेहतर हो जाती है।
- हड्डियां मजबूत बनती हैं: वजन उठाकर चलने से शरीर पर एक हल्का खिंचाव और दबाव पड़ता है, जो बोन डेंसिटी (Bone Density) को बढ़ाने में मदद करता है। खासकर महिलाओं के लिए यह बेहद फायदेमंद है, क्योंकि मेनोपॉज के बाद हड्डियों से जुड़ी समस्याएं होने का खतरा ज्यादा रहता है।
शुरुआत करने से पहले इन सावधानियों को न भूलें
- वजन हमेशा कम से शुरू करें: अगर आप पहली बार रकिंग वॉक कर रहे हैं, तो सीधे भारी बैग न लादें। शुरुआत बिल्कुल हल्के वजन (जैसे 1 या 2 किलो) के साथ करें और धीरे-धीरे क्षमता बढ़ने पर वजन बढ़ाएं।
- पहले सामान्य वॉक की आदत डालें: अगर आप सीधे बिना तैयारी के वजन लेकर निकल पड़ेंगे, तो मांसपेशियों में खिंचाव आ सकता है। इसलिए पहले कुछ हफ्ते बिना वजन के सामान्य वॉक करने की आदत डालें।
- अपनी क्षमता को पहचानें: यह वॉक तभी फायदेमंद है जब आप बिना सांस फूले कम से कम 30 मिनट तक सामान्य रूप से चल सकें। शुरुआती दिनों में इसे 15 से 20 मिनट से ज्यादा न खींचें।
- बॉडी पोस्चर का रखें ध्यान: चलते समय इस बात पर जरूर गौर करें कि आपके कंधों और गर्दन पर ज्यादा दबाव तो नहीं पड़ रहा है। अगर शरीर के किसी हिस्से में तेज दर्द महसूस हो, तो तुरंत रुक जाएं।
- वार्म-अप न भूलें: रकिंग वॉक पर निकलने से पहले थोड़ी स्ट्रेचिंग और हल्के-फुल्के एरोबिक मूवमेंट्स जरूर कर लें, ताकि शरीर की मांसपेशियां खुल जाएं।












