CG Crime News: सूरजपुर जिले से उठाईगिरी का मामला सामने आया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे एक व्यक्ति से अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े 2 लाख रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति मानपुर क्षेत्र का रहने वाला है। वह शनिवार को प्रतापपुर स्थित एक बैंक से 2 लाख रुपए निकालने पहुंचा था। बैंक से रकम निकालने के बाद वह साप्ताहिक बाजार के पास अपनी बाइक के पास गया और पैसे को बाइक की डिक्की में रखने लगा। इसी दौरान पहले से नजर रख रहे बदमाशों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया।
बैंक से ही कर रहे थे पीछा, मौका मिलते ही छीने पैसे
बताया जा रहा है कि आरोपी बैंक के बाहर से ही पीड़ित पर नजर रखे हुए थे। जैसे ही उसने रुपए बाइक की डिक्की में रखे, दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर रकम लेकर भाग निकले। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति छत्तीसगढ़ में पदस्थ एक आईपीएस अधिकारी के पिता बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित सुरागों की जांच की जा रही है। इलाके में हुई इस वारदात के बाद बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
